Saturday, 29 August 2026

खचवाना गांव में हुई डकैती की घटना में दो आरोपी गिरफ्तार


खचवाना गांव में हुई डकैती की घटना में दो आरोपी गिरफ्तार

हनुमानगढ़  जिले में करीब डेढ़ महीने पहले गोगामेडी थाना क्षेत्र के रोही खचवाना गांव में गन पॉइंट पर परिवार के साथ मारपीट कर बंधक बना की गई डकैती की घटना का थाना पुलिस की टीम ने खुलासा कर दिया है। 

मामले में थाना नोहर क्षेत्र के सोनडी निवासी आरोपी भाइयों सुभाष बावरी एवं विक्रम बावरी को गिरफ्तार किया है।

एसपी सुधीर चौधरी ने बताया कि 24 जनवरी की रात थाना गोगामेडी क्षेत्र के खचवाना गांव में सत्यनारायण जाट के यहां 6-7 अज्ञात बदमाश पीछे के रास्ते घर में प्रवेश कर गए। हथियार की नोक पर सत्यनारायण, उसकी मां, बेटे और भतीजे-भतीजी से मारपीट कर कमरे में बंद कर दिया। 2 बदमाशों के पास पिस्टल और बाकी के हाथ में लोहे की रॉड थी। बंधक परिवार के शोर करने पर आज पड़ोस के लोग आने लगे तो आरोपी एक छोटा ट्रंक लेकर भाग गए। जिसमें 59 हजार रुपये, सोने चांदी के जेवर और अन्य जरूरी कागजात थे।

घटना की गंभीरता को देख आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना के खुलासे के लिए आईजी रेंज ओमप्रकाश के निर्देश पर एएसपी सुरेश कुमार जांगिड़ और सीओ नरेंद्र पूनिया के सुपरविजन तथा एसएचओ अजय कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। घटनास्थल पर एफएसएल, डॉग स्क्वायड, एमओबी टीम को बुला निरीक्षण किया गया। सीसीटीवी फुटेज और डंप डाटा का विश्लेषण कर आदतन अपराधियों से पूछताछ की गई।

इसी दौरान झुंझुनू जिले की थाना सूरजगढ़ पुलिस द्वारा लूट की वारदात का खुलासा कर बावरिया गिरोह के 9 जनों को गिरफ्तार किया। इनके सीडीआर विश्लेषण के आधार पर पीड़ित की ढाणी की रेकी करने वाले स्थानीय निवासी सुभाष बावरी और विक्रम बावरी की पहचान की गई। दोनों आरोपी रोही खचवाना गांव में खेतों की रखवाली का काम करते हैं।

गिरफ्तार आरोपी सुभाष व विक्रम से पूछताछ की तो उन्होंने झुंझुनू पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए सुभाष उर्फ कलुआ बावरिया, संजय बावरिया, अर्जुन बावरिया, राजकुमार उर्फ रामू बावरिया, सहदेव उर्फ गंजा बावरिया एवं भरतपुर निवासी एक अन्य के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इस घटना में प्रयुक्त गाड़ी और हथियार सूरजगढ़ पुलिस द्वारा जब्त किया जा चुका है। इन दोनों को कोर्ट में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा।




    Previous
    Next

    Related Posts