Saturday, 29 August 2026

राज्य सरकार के निर्णयों से कर्मचारी वर्ग संतुष्ट: गहलोत


राज्य सरकार के निर्णयों से कर्मचारी वर्ग संतुष्ट: गहलोत

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से सोमवार शाम मुख्यमंत्री निवास पर वाॅटरवक्र्स कर्मचारी संघ औरजनता जल योजना श्रमिक यूनियन के प्रतिनिधियों एवं सदस्यों ने मुलाकात की। इस दौरान कर्मचारियों ने राज्य सरकार द्वारा लिए गए निर्णयों के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद ज्ञापित किया।

सीएम गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा कर्मचारियों के हित में बड़े निर्णय लिए गए हैं। पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) लागू करने, साल में दो बार डीपीसी करवाने, पदोन्नति की प्रक्रिया को सुगम करने, ठेका प्रथा समाप्त करने जैसे निर्णयों से आज कर्मचारी वर्ग में संतुष्टि की भावना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना, किसानों और घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली बिलों में राहत, उड़ान योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाने में कर्मचारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। राज्य सरकार और कर्मचारियों के आपसी समन्वय से ही योजनाओं का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित होता है  और अधिक से अधिक लोग लाभान्वित होते हैं। 

सीएम गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार के सारे बजट सभी वर्गाें को राहत पहुंचाने वाले रहे हैं। इस बार के बजट की भी देशभर में सराहना हो रही है। इनके त्वरित क्रियान्वयन के लिए आवश्यक वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृतियां दी जा रही हैं। 

इस अवसर पर पूर्व शिक्षा राज्यमंत्री गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा कि राज्य सरकार ने कर्मचारियों द्वारा उठाई गई सभी समस्याओं का संवेदनशीलता से समाधान किया है। अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) के प्रदेशाध्यक्ष गजेन्द्र सिंह राठौड़ ने कहा कि राज्य सरकार ने कर्मचारियों के हित में निर्णय लिए हैं, जिससे उनकी पदोन्नति की प्रक्रिया सुगम हुई है। 

इस दौरान चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री परसादी लाल मीणा, पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिन्दर सिंह रंधावा, वाॅटरवक्र्स कर्मचारी संघ अध्यक्ष कुलदीप यादव, जनता जल श्रमिक यूनियन प्रदेशाध्यक्ष प्रहलाद राय अग्रवाल सहित जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग, जनता जल योजना से जुड़े कार्मिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।




    Previous
    Next

    Related Posts