


कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने पुलवामा हमले पर ही सवाल खड़े कर दिए। उन्होंने कहा कि कहीं लोकसभा का चुनाव जीतने के लिए तो पुलवामा हमला नहीं करवाया गया था? पुलवामा हमले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए जिससे की सच्चाई सबके सामने आ सके।
अडानी समूह और मोदी सरकार के खिलाफ सोमवार को सिविल लाइन फाटक पर दिए गए धरने के दौरान आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए यह मांगी गई।
रंधावा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अडानी समूह को ईस्ट इंडिया कंपनी बनाकर रख दिया है। जैसे ईस्ट इंडिया कंपनी ने हिंदुस्तान को खोखला कर दिया था, वैसे ही काम अडानी कर रहा है और दोबारा हिंदुस्तान को गुलामी की तरफ धकेला जा रहा है। पाकिस्तान और चीन लगातार हिंदुस्तान को घेर रहे हैं, घुसपैठ हो रही है लेकिन मोदी सरकार इस पर कोई एक्शन नहीं ले रही है क्योंकि फैसले मोदी सरकार नहीं बल्कि अडानी लेते हैं। ईस्टर्न कैनल परियोजना के मामले में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक शब्द नहीं बोल रहे हैं क्योंकि ईस्टर्न कैनल परियोजना पर भी फैसला अडानी ग्रुप को लेना है।
प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि कांग्रेस नेता और कार्यकर्ताओं को आपसी लड़ाई और गुटबाजी को छोड़कर एकजुट होना चाहिए। अगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं नेताओं ने गुटबाजी और आप लड़ाई को खत्म कर दिया तो देश से भाजपा और मोदी अपने आप खत्म हो जाएंगे क्योंकि आप से लड़ाई से कोई मतलब नहीं है इसका नुकसान पार्टी को हो रहा है।