


बारां हाईवे पर लूट के एक मामले में करीब 12-13 साल से फरार चल रहे आरोपी को सदर थाना पुलिस की टीम ने जयपुर के जगतपुरा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी जयपुर में रहकर लम्बे समय से मजदूरी कर रहा था। गिरफ्तार आरोपी राजवीर उर्फ रवि कुमार जौलिया थाना मण्डावरी जिला दौसा का रहने वाला है।
एसपी राजकुमार चौधरी ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर 1 वर्ष से अधिक लंबित प्रकरणों के निस्तारण हेतु अभियान चलाया जा रहा है इस अभियान को सफल बनाने के लिए एसपी जिनेंद्र कुमार जैन व सीओ राजेंद्र कुमार मीणा के सुपरविजन में टीम गठित की गई है। थाना सदर क्षेत्र में 12-13 साल पहले हाइवे पर हुई लूट की एक घटना में आरोपी राजवीर उर्फ रवि कुमार घटना के वक्त से फरार चल रहा था।
एसपी चौधरी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी पर ₹2000 का इनाम घोषित है। काफी तलाश के बाद भी आरोपी पुलिस गिरफ्त में नहीं आ आया था। आसूचना एवं तकनीकी सहायता से आरोपी के जयपुर में होने की सूचना पर थाना सदर पुलिस की टीम ने 2000 रुपये के इनामी भगोड़े राजवीर उर्फ रवि कुमार को जगतपुरा से डिटेन कर लिया।