


सीकर जिले के रींगस के एक होटल के बाहर अधिवक्ता के साथ मारपीट और गाड़ी चढाकर श्रीमाधोपुर निवासी मुंशी की हत्या करने के मामले में पुलिस ने शनिवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इससे पहले मुंशी नंदकिशोर टेलर के शव का पोस्टमार्टम होने के बाद परिजन और अभिभाषक संघ के सदस्य पार्थिव देह को शनिवार शाम को श्रीमाधोपुर लेकर आए और देह को पुराने बस स्टैंड पर रखकर धरना शुरू कर दिया।
शनिवार रात 8 बजे बार संघ के अध्यक्ष, घायल अधिवक्ता रामजीलाल सैनी सहित काफी संख्या में लोग पुराने बस स्टैंड पर पार्थिव देह के साथ सड़क पर दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए। इस मौके पूर्व प्रदेश कांग्रेस सचिव बालेन्दु सिंह शेखावत,डॉ.मंगल यादव,पूर्व प्रधान मक्खनलाल शर्मा,एडवोकेट बाबूलाल शर्मा,पार्षदगण,मृतक के परिजनों सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे। वही मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पुलिस जाप्ता भी तैनात किया गया।
मौके पर एडीशनल एसपी हर्षरत्नू, नीमकाथाना सीओ गिरधारीलाल शर्मा, दांतारामगढ डिप्टी जाकिर अख्तर, एसडीएम दिलीप सिंह राठौड़ ने धरने पर बैठे अभिभाषक संघ अध्यक्ष दिनेश सिंह शेखावत, पूर्व प्रदेश कांग्रेस सचिव बालेन्दु सिंह शेखावत, जनप्रतिनिधियों व परिजनों से वार्ता की। इसके बाद मृतक के परिवार को 50 लाख, घायल के परिवार को 5 लाख का मुआवजा देने की मांग पर सहमति के बाद 11 बजे धरना समाप्त किया।
आपको बता दे कि अभिभाषक संघ श्रीमाधोपुर के चुनाव में जीत के बाद शुक्रवार रात को अध्यक्ष और पदाधिकारी रींगस के मनवार होटल में खाना खाने गए थे। इस दौरान चुनावी रंजिश में दूसरे पक्ष के एक समर्थक वकील ने एक वकील के साथ मारपीट कर अध्यक्ष के मुंशी नंदकिशोर टेलर पर स्कॉर्पियो कार को चढ़ा दिया। हमले में घायल मुंशी की इलाज के दौरान मौत हो गई। मरने से पहले मुंशी का बयान भी दर्ज किया गया था।