Saturday, 29 August 2026

वीरांगनाओं से बदसलूकी के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन, पुलिस पर पथराव, लाठीचार्ज में डॉ. पूनिया और मदन दिलावर चोटिल, दी गिरफ्तारी


वीरांगनाओं से बदसलूकी के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन, पुलिस पर पथराव, लाठीचार्ज में डॉ. पूनिया और मदन दिलावर चोटिल, दी गिरफ्तारी

वीरांगनाओं से बदसलूकी के विरोध में प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं ने शनिवार को पुलिस पर पथराव कर दिया। भाजपा प्रदेश मुख्यालय से  कार्यकर्ता निकले तो पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान विधायक मदन दिलावर पुलिस जवानों के पैरों में लेट गए। बैरिकेड पार करने के प्रयास में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया के पैर में चोट लग गई। करीब ढाई घंटे के प्रदर्शन के बाद भाजपा नेता-कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारियां दीं। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने विद्याधर नगर ले जाकर छोड़ दिया। इससे पहले भाजपा कार्यकर्ताओं ने सभा भी की।


प्रदर्शन के दौरान भाजपा में एक बार फिर गुटबाजी सामने आ गई। सांसद डॉ.किरोड़ीलाल के समर्थकों ने ‘सतीश पूनिया हाय-हाय' के नारे लगाए। वहीं पूनिया समर्थकों ने ‘पूनिया जिंदाबाद' के नारे लगाए। किरोड़ी समर्थकों की नाराजगी इस बार को लेकर है कि भाजपा संगठन ने दमदार तरीके से उनका साथ नहीं दिया।

मीडिया से बातचीत में डाॅ. पूनियां ने कहा कि, कांग्रेस शासन में राजस्थान में अघोषित आपातकाल जैसे हालात हैं, वीरांगानाओं और सांसद किरोडी लाल मीणा एवं सांसद रंजीता कोली के साथ पुलिस द्वारा किये गए दुव्र्यवहार की भाजपा कडी निंदा करती है, गहलोत सरकार वीरांगनाओं और सांसदों के अपमान पर उतर आयी है, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के इशारे पर इस तरह का दमनचक्र पहली बार देखा है। 

उन्होंने कहा कि वीरांगानाओं, भाजपा सांसद डॉ.किरोडी लाल मीणा और रंजीता कोली के साथ किए दुर्व्यवहार के अपमान का बदला पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता लेगा। 

कांग्रेस की अशोक गहलोत सरकार ने पेपर लीक में राजस्थान के युवाओं के सपनो को तोड़ा, वीरांगनाओं को अपमानित करने का काम किया, सांसद डॉ.किरोड़ी लाल और भरतपुर से  भाजपा सांसद रंजीता कोली सहित तमाम नेता और पार्टी कार्यकर्ता जब वीरांगनाओं की लड़ाई लड़ते हैं तो पुलिस प्रताड़ित करती है, यह सामान्य लड़ाई नहीं है, स्वाभिमान और उसूलों की लड़ाई है। 

डाॅ. पूनियां ने कहा कि, संपूर्ण किसान कर्जमाफी, बिगडी कानून व्यवस्था, पेपरलीक, महिला सुरक्षा, वीरांगनाओं के मुददे इत्यादि जनहित के मुददों को लेकर भाजपा 15 मार्च से जिला कलेक्ट्रेटों का घेराव कर आंदोलन करेगी, यह आंदोलन 15 मार्च से शुरू होकर आगामी दिनों तक चलेंगे, जो प्रदेशभर में सभी 33 जिला मुख्यालयों पर होंगे। 

प्रदर्शन में डाॅ. सतीश पूनियां के साथ उपनेता प्रतिपक्ष राजेंन्द्र राठौड़, वरिष्ठ नेता एवं सांसद घनश्याम तिवाडी, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरूण चतुर्वेदी, वरिष्ठ नेता एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी ओमप्रकाश माथुर, प्रदेश मुख्य प्रवक्ता रामलाल शर्मा, विधायक अनिता भदेल, निर्मल कुमावत, अशोक लाहोटी, संजय शर्मा, मदन दिलावर, कन्हैयालाल चौधरी, रामस्वरूप लांबा, अविनाश गहलोत, पूर्व सांसद रामकुमार वर्मा, पूर्व मंत्री प्रभलाल सैनी, पूर्व विधायक ज्ञानदेव आहूजा, एसटी मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष जितेन्द्र मीणा, युवा मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष हिमांशु शर्मा, प्रदेश मंत्री जितेन्द्र गोठवाल, अशोक सैनी, जिलाध्यक्ष राघव शर्मा, जितेन्द्र शर्मा, रामानन्द गुर्जर, बृजलाल ढिकोलिया, सुशील दीक्षित, पूर्व विधायक कन्हैयालाल मीणा, लक्ष्मीनारायण बैरवा, सुरेन्द्र पारीक, कैलाश वर्मा, डिप्टी मेयर पुनीत कर्नावट इत्यादि उपस्थित रहे। 




Previous
Next

Related Posts