Saturday, 29 August 2026

होली दहन के दिन फायरिंग कर जानलेवा हमला करने के पांच आरोपी गिरफ्तार


होली दहन के दिन  फायरिंग कर जानलेवा हमला करने के पांच आरोपी गिरफ्तार

उदयपुर जिले के मावली थाना अंतर्गत वाडा भील बस्ती में होलिका दहन के रोज फायरिंग कर एक व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल कर देने के मामले में थाना पुलिस द्वारा 48 घंटे के अंदर आरोपी मांगीलाल उर्फ योगेश पुत्र भँवर लाल, ताराशंकर उर्फ राजू पुत्र मोहन लाल, अनिल कुमार उर्फ बाबूलाल पुत्र भगवानलाल निवासी मीणों का खेड़ा स्वरूपपूरा, देवीलाल पुत्र हमेरा निवासी हालेला रठाना एवं सुरेंद्र सिंह उर्फ गुड्डू पुत्र भंवर सिंह निवासी मरतड़ी थाना मावली जिला उदयपुर को गिरफ्तार किया है।

एसपी विकास शर्मा ने बताया कि घटना के बारे में 6 मार्च को बडियार निवासी तरुण गुर्जर ने थाना मावली पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि आज दोपहर वह अपने भाई कन्हैया लाल व साथी जमना लाल के साथ बाइक पर कपड़े खरीदने वल्लभनगर जा रहा था। मावली कोर्ट चौराहे से एक बिना नंबरी एसेंट कार ने उनका पीछा किया। शंका होने पर उन्होंने अपनी बाइक खेमपुर रोड की तरफ घुमाई तो कार भी उनके पीछे आने लगी।

खेमपुर से वाड़ा भील बस्ती की तरफ जाने पर आगे रोड बनने से रास्ता ब्लॉक था। उन्होंने वहां बाइक रोकी तो कार सवार मांगी लाल ने कार ओवर टेक कर पिस्टल से फायर किया। गोली जमुनालाल के सीने में दाएं तरफ आगे से पीछे निकल गई। किसी तरह उन्होंने खेतों में भागकर अपनी जान बचाई। जमुना लाल का उदयपुर हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।

घटना की गंभीरता को देख एसपी विकास शर्मा द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एएसपी मुकेश सांखला व सीओ कैलाश कुंवर के सुपरविजन एवं थाना अधिकारी राव अजय सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। गठित टीम द्वारा संभावित स्थानों पर दबिश दी गई। लगातार तलाश कर 48 घंटे के अंदर इन 5 आरोपियों को बुधवार को गिरफ्तार किया। इन्हें कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है।

पूर्व रंजिश को लेकर की फायरिंग

पूछताछ में सामने आया कि पिछले साल चामुंडा माता मेले में मांगीलाल जाट, देवीलाल गायरी और परिवादी तरुण, कन्हैयालाल व मोटी खेड़ी थाना घासा निवासी रतन गुर्जर के बीच आपस में पार्किंग की बात को लेकर झगड़ा हुआ था। इस मामले में रतन सिंह की रिपोर्ट पर मांगीलाल और देवीलाल के खिलाफ चालान हुआ था। इसी बात की रंजिश के चलते मांगी लाल व उसके साथियों ने मिलकर इन पर होलिका दहन के रोज पिस्टल से जानलेवा हमला कर किया गया।




Previous
Next

Related Posts