


बुधवार को गलतागेट थाना इलाके में दिल्ली रोड पर सूरजपोल अनाज मंडी के पास एक ट्रक ने एमपीएस स्कूल की आमेर कुंडा में रहने वाली महिला शिक्षक शनीम सक्सेना को चपेट में ले लिया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शव इस हद तक शत-विक्षत हो गया था कि सड़क पर हड्डियां पड़ी थीं। पुलिस ने आसपास के लोगों को बुलाकर शव को बोरे में भरकर एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
गलतागेट थाना पुलिस ने बताया कि करीब 4 बजे महिला स्कूल से घर लौट रही थी। इसी दौरान दिल्ली रोड पर पीछे चल रहे ट्रक ने महिला को टक्कर मार दी। इससे महिला सड़क पर गिर गई। ट्रक की स्पीड अधिक होने के कारण नहीं रुका। सड़क पर गिरी हुई महिला को रौंदते हुए निकल गया। लोगों के शोर करने पर ट्रक चालक ने ट्रक रोका। फिर मौके से भाग गया।
महिला के पति पंकज माथुर ने बताया कि 2 घंटे पहले उसकी पत्नी का उसके पास फोन आया था। कहा था कि वह 5:30 बजे तक घर पहुंच जाएगी। उससे पहले ही पुलिस वालों का फोन आया और कहा कि उसकी पत्नी अब इस दुनिया में नहीं है। पुलिस वालों की बात सुनकर एक बार तो पैरों के नीचे से जमीन निकल गई। अब मैं क्या करूंगा, मुझे ही पता नहीं भगवान ने मेरे साथ अन्याय कर लिया है।