


रंगो के त्योहार होली के अवसर पर पानी और केमिकल रंगों के स्थान पर रंग बिरंगे कोमल फूलों से होली खेली गई।
नूपुर संस्थान के सचिव मनोज भारद्वाज ने बताया कि संस्था द्वारा पांचवे वर्ष में भी जय क्लब के प्रांगण में पर्यावरण का संदेश देते हुए गेंदे और पलाश के फूलों से फाग उत्सव मनाया गया।
शुरू में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अतिरिक्त निदेशक अरुण जोशी ,अमर जैन अस्पताल के चेयरमैन एस के मारेल मारेल, आरएएस पंकज ओझा ,महेंद्र सिंह राठौड़ ,मनीष जादौन, बलिंदर दीवान और सुनील शर्मा ने दीप प्रज्वलित किया। इस अवसर पर अक्षरधाम मंदिर चित्रकूट के महंत स्वामी धर्मनिष्ट जी ने होलिका एवं प्रहलाद के पौराणिक महत्व को समझाते हुए सामाजिक समरसता से होली के त्यौहार को पुष्पों के द्वारा आयोजित करने की सराहना की।
इस फाग उत्सव में वृंदावन एवं मथुरा से आए अंतरराष्ट्रीय स्तर के लोक कलाकारों ने राधा एवं कृष्ण के स्वरूप में मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया और कार्यक्रम में आए सभी संभागीय के साथ फूलों की होली खेली।