Saturday, 29 August 2026

आंखों में मिर्ची झोंक व्यापारी के साथ लूट की वारदात में दो नाबालिग सहित पांच को पकड़ा, नौकर ने रची लूट की साजिश


आंखों में मिर्ची झोंक व्यापारी के साथ लूट की वारदात में दो नाबालिग सहित पांच को पकड़ा, नौकर ने रची लूट की साजिश
झालावाड़ एसपी ऋचा तोमर

झालावाड़ जिले के झालरापाटन थाना क्षेत्र के ग्रोथ सेंटर रेलवे पुलिया के पास गुरुवार देर रात पान मसाला व्यापारी की आंखों में मिर्ची झोंक कर 6.45 लाख रुपए की लूट की वारदात का 24 घंटे के अंदर पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वारदात में शामिल तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार  और दो बाल अपचारियों को निरुद्ध कर लूट की संपूर्ण राशि बरामद की गई। 

लूट की इस घटना की साजिश व्यापारी के नौकर द्वारा ही रची गई थी। नौकर ओर इसके साथी पिछले 6 महीने से वारदात की फिराक में थे।

एसपी ऋचा तोमर ने बताया कि पुरानी धान मंडी झालरापाटन निवासी जयपाल सिंधी का ग्रोथ सेंटर क्षेत्र में पान मसाले व तंबाकू का कारोबार है। 2 मार्च की रात करीब 11:00 बजे जयपाल का भाई दिनेश कुमार अपने दो कर्मचारियों के साथ बाइक से कलेक्शन की राशि 6.45 लाख रुपये लेकर घर जा रहा था। रेलवे पुलिया के पास अज्ञात बदमाश आंखों में मिर्च डाल लाठियों से मारपीट कर रकम लूट कर फरार हो गए।

घटना की गंभीरता को देख एसपी तोमर द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एएसपी चिरंजीलाल मीणा व सीओ बृजमोहन मीणा के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। इसमें एसएचओ झालरापाटन महावीर सिंह, एसएचओ सदर रघुवीर सिंह मय जाब्ता समेत थाना कोतवाली बकानी एवं थाना रटलाई से चुनिंदा पुलिसकर्मियों को सम्मिलित किया गया।

गठित टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज का तकनीकी विश्लेषण किया गया। 70 से अधिक पुलिसकर्मियों की टीम ने ग्राउंड वर्क कर आसूचना संकलित की। संदिग्ध व्यक्तियों से अलग-अलग पूछताछ में व्यापारी के एक कर्मचारी राजा राम उर्फ छोटू लोधा की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुई। कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपने छह अन्य साथियों के साथ मिलकर इस घटना को करना स्वीकार किया।

इस पर मुख्य आरोपी राजाराम उर्फ छोटू लोधा  सहित  दिनेश कुमार लोधा  और नितेश लोधा निवासी गोविंदपुरा को गिरफ्तार कर दो बाल अपचारियों को निरुद्ध किया गया। उनकी निशानदेही पर लूट की संपूर्ण राशि बरामद की गई। घटना में शामिल अन्य दो अभियुक्त फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है।

पुलिस की पूछताछ में सामने  आया कि पिछले 6 महीने से थे वारदात की फिराक में लंबे समय से साथ काम कर रहे राजूराम उर्फ छोटू पर व्यापारी को अटूट विश्वास था। दिनभर की कलेक्शन के लाखों रुपए रोजाना रात को व्यापारी घर लेकर जाता था। लालच में आकर राजूराम ने अपने गांव के अन्य दोस्तों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई। पिछले 6 महीने से ये वारदात की फिराक में थे। रात को अंधेरा व सुनसान जगह के कारण वारदात को अंजाम देने के लिए रेलवे पुलिया को चुना गया।

 सोशल मीडिया से करते आपस में बातचीत 

लूट के बाद किसी को इन पर शक ना हो इसके लिए यह आपस में बातचीत फोन कॉल कर नहीं करते। बातचीत करनी हो तो हमेशा इंस्टाग्राम के द्वारा ही आपस में संपर्क करते थे।

 विशेष हॉर्न से दिया लूट का संकेत

राजाराम उर्फ छोटू ने अन्य अभियुक्तों को संकेत देने के लिए एक विशेष हॉर्न का उपयोग करना बताया। घटना के रोज जैसे ही व्यापारी के साथ सुनसान पुलिया के पास पहुंचा, हॉर्न बजा अपने साथियों को सचेत कर दिया। साथियों ने व्यापारी के आंखों में मिर्च पाउडर फेंक कर रुपयों से भरा कट्टा छीनने का प्रयास किया। कट्टा नहीं छोड़ने पर लाठियों से वार कर कट्टा छुड़ा पटरी के रास्ते खेतों में होते हुए गांव चले गए और रुपयों को वहीं छुपा दिया।

    Previous
    Next

    Related Posts