


केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के खिलाफ मानहानि का दावा किया है। शेखावत शनिवार दोपहर दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट पहुंचे और दावा पत्र पेश किया। शेखावत ने संजीवनी कोऑपरेटिव सोसायटी घोटाले में उनके परिवार के बारे में की गई बयानबाजी को केस का आधार बनाया है।
सीएम गहलोत ने 21 फरवरी को सचिवालय में बजट की समीक्षा बैठक के बाद कहा था कि संजीवनी घोटाले में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के मां-बाप, पत्नी सहित पूरा परिवार शामिल है।
संजीवनी घोटाले में गजेंद्र सिंह शेखावत पर सीएम गहलोत लंबे समय से आरोप लगा रहे हैं। सीएम गहलोत गजेंद्र सिंह पर सरकार गिराने के षड़यंत्र के मुख्य किरदार होने के आरोप भी लगाते रहे हैं। सीएम गहलोत के खिलाफ मानहानि केस को प्रदेश की राजनीति में विवाद की प्रमुख कड़ी के तौर पर देखा जा रहा है। केंद्रीय जल शक्ति मंत्रीशेखावत संजीवनी घोटाले में खुद को बेकसूर बताते हुए सीएम गहलोत पर राजनीतिक दुश्मनी से बयान देने के आरोप लगाते रहे हैं।