


जिले की बालोतरा थाना पुलिस ने गुरुवार देर रात जयपुर नंबर की बस में तस्करी की जा रही नशे की बड़ी खेप पकड़ी है। बस के पीछे और दोनों साइड की डिग्गी ओर सीटों के नीचे से 76 कट्टों में भरा 14 क्विंटल 3 किलो 900 ग्राम डोडा पोस्त बरामद कर मध्य प्रदेश के नीमच में थाना जीरन निवासी तस्कर मंगले पंवार को गिरफ्तार किया है। बरामद डोडा पोस्ट की अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये है।
एसपी दिगंत आनंद ने बताया कि गुरुवार को गश्त के दौरान बालोतरा एसएचओ उगमराज सोनी को मुखबिर से सूचना मिली कि जयपुर नंबर की प्राइवेट बस में नीमच से भारी मात्रा में मादक पदार्थ डोडा पोस्त तस्करी कर रीको एरिया में लाया जाएगा। सूचना पर एएसपी नितेश आर्य व सीओ नीरज शर्मा के निकट सुपरविजन में एसएचओ उगमराज सोनी व एसआई राजूराम के नेतृत्व में 21 सदस्यों की एक विशेष टीम गठित की गई।
टीम द्वारा रीको इंडस्ट्रीज एरिया में शनि देव मंदिर के पीछे नाकाबंदी शुरू की। मध्य रात तेज गति से आती बस को ड्रैगन लाइट की सहायता से चालक को मजबूर कर रुकवाया गया। तलाशी में बस के पीछे व दोनों साइड की डिग्गी और अंदर सीटों के बीच कुल 76 कट्टों से 14 क्विंटल 3 किलो 900 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया।
एसपी दिगंत आनंद ने बताया कि बस समेत अवैध डोडा पोस्त जब्त कर आरोपी मंगले पंवार को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया। आरोपी से अवैध मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त बता तस्करी में शामिल अन्य आरोपियों के संबंध में अनुसंधान व गहन पूछताछ की जा रही है।