


जयपुर के नितिन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शुक्रवार को यूजीसी नेट की पहली पारी में सुबह 9 बजे से भूगोल (जियोग्राफी) का पेपर की परीक्षा में भी सामूहिक नकल कराने का मामला सामने आया है । इस सेंटर पर एक अभ्यर्थी ने वहां मौजूद दूसरे अभ्यार्थी का वीडियो बना लिया और शेयर कर दिया। आरोप है कि कुछ अभ्यार्थी मोबाइल से पेपर हल कर रहे थे।
पेपर शुरू होने के लगभग 30 मिनट बाद छात्रों ने नकल का आरोप लगाते हुए स्कूल प्रशासन के खिलाफ विरोध शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि पेपर के दौरान छात्रों को मोबाइल ले जाने दिया गया है। इससे वह मोबाइल के जरिए अपने सवालों का जवाब ढूंढ रहे हैं। एग्जाम हॉल में कोई टीचर भी नहीं है। इसकी वजह से स्टूडेंट्स ग्रुप बनाकर नकल कर रहे हैं। ऐसे में पेपर रद्द किया जाना चाहिए।
नकल का आरोप लगाते अभ्यार्थियों ने एक वीडियो भी बनाया। वीडियो सामने आते ही स्कूल मैनेजमेंट ने पेपर को रद्द करने की बात कहकर परीक्षा देने वाले अभ्यार्थियों को स्कूल से बाहर निकाल दिया। इसके बाद सुबह 11 बजे स्कूल प्रबंधन ने एक बार फिर छात्रों को पहली पारी का पेपर देने के लिए बुलाया। इस दौरान अभ्यार्थियों ने पूछा क्या नए सिरे से पेपर लिया जाएगा। तब स्कूल मैनेजमेंट ने पुराने पेपर को ही फिर से लेने की बात कही।
छात्रों ने हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान छात्रों के विरोध को देख स्कूल मैनेजमेंट भी मौके से भाग गया। इसके कुछ देर बाद बजाज नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। विरोध कर रहे अभ्यार्थियों को बाहर निकाला।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से यूजीसी नेट का एग्जाम देशभर में 3 से 6 मार्च तक लिया जा रहा है। प्रदेश के 16 जिलों में पेपर आयोजित किए जा रहे हैं। जिनमें जयपुर समेत अजमेर, अलवर, बाड़मेर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बीकानेर, चित्तौड़गढ़, दौसा, हनुमानगढ़, झुंझुनू, जोधपुर, कोटा, सीकर, सिरोही श्रीगंगानगर और उदयपुर जिले शामिल है। इसमें पास होने वाले कैंडिडेट असिस्टेंट प्रोफेसर और जूनियर रिसर्च फेलो के लिए एलिजिबल होते हैं।