


धौलपुर पुलिस ने कार्रवाई कर उत्तर प्रदेश के सिकन्दरा से एक युवक का अपहरण कर भाग रहे चार अपहरणकर्ताओं को नाकाबंदी में थाना कोतवाली क्षेत्र के वाटर वर्क्स चौराहे पर दबोच लिया। जिन्हें बाद में पीछा कर रही यूपी पुलिस की टीम को सौप दिया। इस कार्रवाई में 2 राज्यों की पुलिस के बीच बेहतर समन्वय का असर दिखा।
पुलिस अधीक्षक धौलपुर मनोज कुमार ने बताया कि गुरुवार सुबह उत्तर प्रदेश पुलिस से सूचना प्राप्त हुयी कि चार व्यक्ति सिकन्दरा, उत्तर प्रदेश से एक युवक का सफेद रंग की KIA गाडी में अपहरण कर भागे है। जिनका मूवमेन्ट धौलपुर की तरफ है। सूचना उन्होंने तुरन्त थाना मनियां, सदर, निहालगंज, कोतवाली, यातायात पुलिस, जिला विशेष टीम और क्यूआरटी को अलर्ट कर आगरा ग्वालियर हाईवे पर सघन नाकाबंदी प्रारम्भ करवायी।
एसपी कुमार ने बताया कि इस दौरान उत्तर प्रदेश पुलिस से लगातार सम्पर्क पर रहते हुये व बेहतर समन्वय बना कर संदिग्ध गाडी और अपहरण कर्ताओ के हुलिये की जानकारी कर संदिग्धों को रोक कर पूछताछ की जाने लगी। थाना कोतवाली क्षेत्र में वाटर वर्क्स चौराहे पर यातायात प्रभारी मंगतू राम मय जाप्ता के नाकाबंदी कर रहे थे।
इसी दौरान संदिग्ध हुलिये की सफेद रंग की KIA कार तेज गति से आती हुयी दिखाई दी। जिसे उन्होंने जाप्ता की मदद से तुरन्त बैरिकेड्स लगाकर रुकवाया गया। वाहन में संदिग्ध हुलिये के चार व्यक्ति सवार थे, जिनसे सख्ती से पूछताछ की गई तो उन्होने अपहरण करना स्वीकार किया। जिस पर इन संदिग्धों को कार समेत गुलाब बाग स्थित यातायात कार्यालय में लाया गया और उत्तर प्रदेश पुलिस से सम्पर्क किया गया।
कुछ ही समय में पीछा कर रही उत्तर प्रदेश पुलिस की एसओजी टीम, सैंया थाना व सिकन्दरा थाना टीम गुलाब बाग पहुच गई। आवश्यक कार्रवाई कर अपहरणकर्ताओं को उत्तर प्रदेश पुलिस को सौंपा गया।
पकड़े गये अपहरणकर्ता
युवक के अपहरण के आरोप में धौलपुर पुलिस ने आरोपी रामेश्वर किरार व महेन्द्र धाकड़ निवासी घटकुण्डा थाना पहाडगंज जिला ग्वालियर एमपी तथा रवि धाकड व राजेश सिंह निवासी हरीपुरा थाना फैलारस जिला मुरैना एमपी को गिरफ्तारकिया है।