

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने नासिर और जुनैद के परिवार से मुलाकात कर आर्थिक मदद दी । नासिर की पत्नी और एक गोद ली बच्ची को 1-1 लाख रुपए कैश और 4-4 लाख की एफडी की घोषणा की है। वहीं जुनैद की पत्नी और 6 बच्चों के लिए प्रत्येक को 1-1 लाख कैश और 4-4 लाख की एफडी देने की घोषणा की। इस तरह नासिर के परिवार को 10 लाखऔर जुनैद के परिवार को 35 लाख की आर्थिक मदद दी गई है।
सीएम गहलोत गुरुवार को भरतपुर के पहाड़ी थाना इलाके के गांव घाटमीका पहुंचे। घाटमीका गांव में बने हेलिपैड के पास ही टैन्ट में सीएम गहलोत ने नासिर और जुनैद के घर के 30-35 सदस्यों के साथ मुलाकात की। इस दौरान जुनैद के 6 बच्चों से भी सीएम गहलोत मिले।
सीएम गहलोत के साथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, सीएस उषा शर्मा, एडीजी उमेश मिश्रा भी मौजूद रहे। सीएम गहलोत गुरुवार दोपहर 1.45 बजे जयपुर से भरतपुर के घाटमीका गांव हेलिकॉप्टर से पहुंचे। वे नासिर-जुनैद के परिजनों से मुलाकात करने पहुंचे।
भरतपुर जिले के पहाड़ी थाना इलाके के घाटमीका गांव के रहने वाले नासिर और जुनैद की हरियाणा में हत्या के बाद इस मुद्दे पर राजनीति हो रही है। इसे लेकर एआईएमआईएम के राष्ट्रीय संयोजक असदुद्दीन ओवैसी देशभर में सभाएं कर रहे हैं। कुछ दिन पहले वे भरतपुर का दौरा भी करके गए थे और इस मुद्दे पर कांग्रेस-भाजपा पर हमला बोला था। सीएम गहलोत ने नासिर और जुनैद के परिजनों से मुलाकात कर आर्थिक मदद का ऐलान किया।
दो दिन से भरतपुर के कामां, पहाड़ी और नगर इलाकों में इंटरनेट बंद कर दिया गया था। जुनैद और नासिर के परिजनों से मिलने सीएम गहलोत भरतपुर के घाटमीका गांव पहुंचे। इसके लिए घाटमीका गांव के बाहर भारी पुलिस जाब्ता तैनात किया गया। किसी को भी गांव के अंदर जाने की परमिशन नहीं दी गई।
हेलिपैड के पास ही एक सभा स्थल बनाया गया, जहां सीएम गहलोत जुनैद और नासिर के परिजनों, रिश्तेदारों और गांव के लोगों से मिले। सीएम गहलोत के आने की तैयारियों को लेकर कामां विधायक जाहिदा खान हेलिपैड पर ही मौजूद रहीं, उन्होंने सीएम गहलोत की अगवानी की। इसके अलावा मौके पर पर्यटन मंत्री विश्वेंद्र सिंह, आईपीएस दिनेश एमएन, संभागीय आयुक्त सांवरमल वर्मा, जिला कलक्टर आलोक रंजन, आईजी गौरव श्रीवास्तव, एसपी श्याम सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।