


अजमेर जिले की आदर्श नगर थाना पुलिस ने मजदूर महिला से बलात्कार एवं अश्लील वीडियो बना कर ब्लैक मेलिंग करने के आरोपी शिवम कुमार उर्फ शुभम निवासी गांव मोहकमपुर जिला एटा को उत्तर प्रदेश के कन्नौज क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।
घटना के संबंध में 14 जनवरी को आदर्श नगर थाने पर पीड़ित महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। महिला ने रिपोर्ट में बताया कि फैक्ट्री में काम के दौरान शिवम की उस से जान पहचान हुई थी। करीब एक-डेढ़ साल पहले कमरे में अकेली देखकर शिवम कुमार ने उसके साथ जबरदस्ती की और किसी को बताने पर वीडियो वायरल करने के अलावा बेटे को मारने तथा बेटी के साथ भी रेप की धमकी दी। लगातार डरा धमका कर रेप करता रहा बाद में वीडियो वायरल कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी चुनाराम जाट द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एएसपी सुशील कुमार के सुपरविजन में सीओ सुनील सिहाग को जांच सौपते हुऐ के आदर्श नगर थाना अधिकारी सुगन सिंह के नेतृत्व में एएसआई विजय कुमार मीणा, हेड कांस्टेबल शीलू कुमार और कॉन्स्टेबल गजेंद्र की टीम गठित की।
वारदात के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था। गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार अपने मोबाइल नंबर और मोबाइल बदल रहा था। तकनीकी सहायता व आसूचना से आरोपी के कन्नौज में होने की जानकारी मिली, जहां वह ड्राइवर का काम करने लगा था। पुलिस टीम ने लगातार 3 दिन कन्नौज में तलाश कर आरोपी शुभम यादव को गिरफ्तार कर लिया।