

भरतपुर जिले के थाना कामां पुलिस ने डकैती-लूट के मामले में 8 साल से फरार चल रहे अभियुक्त साबिर उर्फ मोहम्मद साबिर मेव निवासी खेड़ावासोली थाना कैथवाडा को गिरफ्तार किया है। इस अभियुक्त पर एसपी भरतपुर द्वारा 3000 रुपये का इनाम घोषित किया हुआ है।
एसपी श्याम सिंह ने बताया कि 10 सितंबर 2015 को कामां कस्बे में स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप पर 7-8 बदमाश करीब 3 बजे एक बोलेरो में आए। बदमाश चौकीदार व सेल्समैन के साथ मारपीट कर नकदी लूट ले गए थे। थाना पुलिस द्वारा पूर्व में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका। आरोपी साबिर मेव घटना के बाद से ही फरार चल रहा था।
फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी एवं मेवात क्षेत्र में हो रहे अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए एएसपी हिम्मत सिंह व सीओ प्रदीप यादव के सुपरविजन में अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान की निरंतरता में प्रोबेशनर एसआई वीरेंद्र सिंह व कॉन्स्टेबल वारिस खान व चंद्रशेखर की टीम द्वारा आसूचना एवं तकनीकी सहायता से इस इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया।