


जयपुर के भांकरोटा इलाके में रविवार को सुबह करीब 4:15 बजे अजमेर रोड स्थित शिवम रिसोर्ट के पास फायरिंग हुई। थार गाड़ी सवार युवकों पर बदमाशों ने गोलीबारी शुरू कर दी । इस गोलीबारी में दो युवकों के गोली लगी। एक युवक को गंभीर हालत में एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया है।
डीसीपी (वेस्ट) वंदिता राणा ने बताया कि सुबह करीब 4:15 बजे अजमेर रोड स्थित शिवम रिसोर्ट के पास गोलीबारी हुई। सोनू मूलत: दौसा का रहने वाला है। वह गांधी पथ वैशाली में रहता है। वह आगरा रोड पर रहने वाले दोस्त दयारामऔर धर्मचंद चौधरी के साथ सुबह जयपुर से अजमेर की ओर जा रहा था।
इसी दौरान फॉर्च्यूनर गाड़ी से कमलेश और वेदप्रकाश ने पहले उनकी थार गाड़ी को टक्कर मारी। टक्कर मारने के बाद कमलेश और वेद प्रकाश ने फायरिंग शुरू कर दी। अचानक गोलीबारी शुरू कर दी इसमें गोली दयाराम और धर्मचंद के जा लगी। हमले के बाद बदमाश वहां से फरार हो गए।
गोलीबारी में दयाराम के पेट और धर्मचंद की कोहनी में गोली लगी। फायरिंग की सूचना पर भांकरोटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को एसएमएस अस्पताल में ले गई। घायल दयाराम को इलाज के लिए ट्रॉमा वार्ड में भर्ती किया है। धर्मचंद को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी मिल गई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि कुछ समय पहले सोनू ने थार गाड़ी कमलेश से खरीदी थी। आपसी लेन-देन के विवाद के चलते कमलेश और वेद प्रकाश ने जानलेवा हमला किया।
भांकरोटा थाने के एसएचओ मोहन मीणा ने बताया कि बदमाशों ने चार राउंड फायर किए। गोलीबारी में पिस्टल का यूज किया गया है। मौके से दो खाली राउंड मिले हैं। जांच में सामने आया है कि दोनों पक्ष एक-दूसरे के जानकार है और प्रॉपर्टी का कारोबार करते हैं।