


48 हजार शिक्षक भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन रविवार को टोंक में एक सेंटर पर बड़ी लापरवाही सामने आई। यहां पर दूसरी पारी के हिंदी के पेपर कम पड़ गए। ऐसे में अभ्यर्थियों ने हंगामा कर दिया। कलक्टर चिन्मय गाेपाल ने आश्वासन दिया तब जाकर अभ्यार्थी शांत हुए।
टोंक के विवेक कॉलेज में दूसरी पारी में परीक्षा के दौरान पेपर कम पड़ने से अभ्यर्थियों ने हंगामा कर दिया। दो कमरों में पेपर साढ़े 3 बजे पहुंचा। अभ्यर्थी परीक्षा कक्ष से बाहर आ गए और नारेबाजी करने लगे। अभ्यर्थियों ने प्रशासन और सरकार के खिलाफ अव्यस्थाओं का आरोप लगाते हुए परीक्षा दोबारा कराने की मांग की।
कलक्टर चिन्मय गाेपाल का कहना है कि परीक्षा में कोई गड़बड़ी नहीं हुई। एक सेंटर के 2 कमरों में पेपर पहुंचने में देरी हो गई। परीक्षार्थी इस मामले को लेकर तूल न दें। परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी। इस सेंटर के करीब 540 परीक्षार्थियों की परीक्षा शाम 5 बजे से कराई गई। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों के लिए प्रशासन की ओर से खाने और घर तक छोड़ने की व्यवस्था की है।