


सेकंड ग्रेड शिक्षक पेपर लीक प्रकरण के मास्टर माइंड भूपेन्द्र सारण को शुक्रवार को उदयपुर पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। पुलिस ने भूपेन्द्र सारण से पूछताछ के लिए कोर्ट से रिमांड की मांग की, जिसके बाद कोर्ट ने आरोपी भूपेन्द्र सारण को 4 दिन के रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस अब आरोपी से प्रकरण के बारे में गहनता से पूछताछ करेगी। वहीं दूसरे मास्टरमाइंड की तलाशी के बारे में भी जानकारी जुटा पाएगी। इससे पहले पुलिसकर्मी भूपेन्द्र सारण को पैदल ही कोर्ट लेकर पहुंचे। इस दौरान कोर्ट परिसर में काफी भीड़ रही।
सेकंड ग्रेड शिक्षक पेपर लीक ममले में फरार भूपेन्द्र सारण को गुरुवार को बेंगलूरु एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया था। एटीएस-एसओजी के एडीजी अशोक राठौड़ ने बताया कि वांटेड उदयपुर में सेकंड ग्रेड शिक्षक भर्ती पेपर लीक मामले में वांटेड था। इसलिए उसे उदयपुर पुलिस के सुपुर्द किया। उन्होंने बताया कि 6 दिन पहले जोधपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव ने वांटेड सारण के बेंगलूरु में होने की पुख्ता सूचना दी।