


कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय भारत सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत मेरी पॉलिसी मेरे हाथ कार्यक्रम के तहत बृहस्पतिवार को सहायक निदेशक कृषि विस्तार मालपुरा के सभागार में रबी सीजन की फसल बीमा की पॉलिसियों का वितरण किया गया। कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक के के मंगल ने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत अपनी फसल का बीमा कराने पर प्राकृतिक आपदा में किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने का कार्य फसल बीमा द्वारा किया जाता है।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से फसलों में नुकसान होने या गारंटी उपज से कम पैदावार होने पर बीमित किसानों को फसल बीमा योजना के तहत क्लेम दिया जाता है, किसानों को फसल बीमा के टोल फ्री नंबर पर 72 घंटे के अंदर शिकायत दर्ज करानी होती है। प्रधानमंत्री फसल बीमा में रबी सीजन में फसलों में नुकसान का आंकलन करने के लिए राजस्व विभाग के पटवारी एवं कृषि विभाग के कृषि पर्यवेक्षको द्वारा किए जा रहे फसल कटाई प्रयोगों के माध्यम से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर पैदावार में होने वाली कमी के आधार पर बीमित किसानों को इसका लाभ मिलेगा। सहायक निदेशक कृषि विस्तार डा.प्रमोद यादव ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय होने वाले नुकसान से बचने के लिए किसानो को फसल बीमा कराना चाहिए।कृषि अनुसंधान अधिकारी गंगादान सिंह ने मृदा स्वास्थ्य कार्ड के आधार पर संतुलित उर्वरक प्रयोग की सलाह दी ।कृषि अधिकारी कजोड़ मल गुर्जर ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना पर जानकारी दी, कृषि अन्वेक्षक सुरेन्द्र सिंह नरूका ने फसल कटाई प्रयोग सम्पादन पर किसानो को जानकारी दी।फसल बीमा सामान्य ज्ञान प्रश्नोतरी कार्यकम में एच डी एफ सी एर्गो कम्पनी की और से छाता देकर सम्मानित किया गया।पॉलिसी वितरण कार्यक्रम में सहायक कृषि अधिकारी कैलाश जांगीड,इन्द्रराज शर्मा,बीमा कम्पनी के समन्वयक द्वियांश,अजय पाण्डे सहित काफी किसान मौजूद थे ।