


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विवादित टिप्पणी मामले में गिरफ्तार कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा को सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम जमानत मिल गई है। खेड़ा को रायपुर जाते समय गुरुवार को फ्लाइट से उतारकर दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया था। वे पार्टी के 75 वें अधिवेशन में शामिल होने के लिए जा रहे थे।खेड़ा की गिरफ्तारी के खिलाफ कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी सुप्रीम कोर्ट पहुंचे। सीजेआई डीवाई चंद्रचूड़ की अगुआई वाली तीन जजों की बेंच ने दोपहर 3 बजे से करीब 30 मिनट की सुनवाई के बाद खेड़ा को मंगलवार तक अंतरिम जमानत दे दी। यानी खेड़ा को नियमित जमानत के लिए अर्जी लगाने तक पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर पाएगी।
खेड़ा को सुप्रीम कोर्ट से एक राहत और मिली है। इसमें उनके खिलाफ दर्ज तीनों एफआईआर को एक जगह क्लब करने का आदेश दिया गया है। कोर्ट ने इसके लिए असम और उत्तर प्रदेश सरकार को भी नोटिस जारी किया है। खेड़ा के खिलाफ असम में एक जगह और उत्तर प्रदेश में लखनऊ और वाराणसी में केस दर्ज है। हालांकि, आज की गिरफ्तारी असम पुलिस ने अपने यहां दर्ज केस के आधार पर की थी। अब कोर्ट खेड़ा की गिरफ्तारी और तीनों केस को क्लब करने को लेकर 27 फरवरी को अगली सुनवाई करेगा।
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा गुरुवार की सुबह रायपुर जाने के लिए 11:30 की फ्लाइट में बैठ गए थे। अचानक उनके पास कुछ अधिकारी आएं और उनसे अपना सामान चेक कराने के लिए फ्लाइट से नीचे उतरने को कहा। खेड़ा नीचे आए तो उन्हें असम पुलिस के गिरफ्तारी वारंट की जानकारी दी गई और कहा गया कि वे रायपुर नहीं जा सकते। इसके बाद फ्लाइट में मौजूद कांग्रेस के बाकी नेता भी नीचे उतर आए और प्लेन के सामने ही धरने पर बैठ गए। करीब दो घंटे तक पार्टी नेताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद करीब पौने दो बजे पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई।
रंजीत कुमार ने बताया कि ये घटनाक्रम सुबह 11.30 बजे शुरू हुआ, जब पवन खेड़ा हमारे साथ प्लेन में सवार हुए। एयरपोर्ट और पुलिस के अधिकारी प्लेन में आए और कहा कि आपको उड़ान भरने की अनुमति नहीं है। जैसे ही अधिकारी पवन खेड़ा को लेकर विमान से उतरे बाकी कांग्रेस नेता भी एक-एक करके विमान से उतरने लगे। सभी नेता प्लेन के पास धरने पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। वहां कई अधिकारी भी आ गए।
कांग्रेस के सांसद रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि आप लोग लिखकर दीजिए कि पवन खेड़ा को गिरफ्तार कर लिया है। तभी हम यहां से धरना खत्म करेंगे।काफी देर तक चले हंगामे के बाद अधिकारियों ने फैसला लिया कि फ्लाइट के बाकी पैसेंजर्स को दूसरी फ्लाइट से रायपुर भेजा जाएगा।
असम पुलिस के प्रवक्ता सुशांत भुयन ने बताया कि पवन खेड़ा के खिलाफ दीमा हसाओ जिले के हाफलोंग में कम्युनल डिस्टर्बेंस और राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर बुधवार रात मामला दर्ज किया है। इन्होंने एक बयान दिया था, जिसके खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है। असम पुलिस की एक टीम दिल्ली में मौजूद है। उनकी गिरफ्तारी के लिए दिल्ली पुलिस को कहा गया है। लोकल कोर्ट से परमिशन के बाद उन्हें असम लाया जाएगा। असम में खेड़ा के खिलाफ एफआईआर सेमुअल चैंगसेन ने करवाई है। सोशल मीडिया प्रोफाइल में वे भाजपा नेता बताए जा रहे हैं।