


जयपुर में पुलिस गाड़ी से कूद की एक हत्यारे ने भागने की कोशिश की। चलती गाड़ी में कॉन्स्टेबल को धक्का मारकर हत्यारा बदमाश कूद गया। पैर में फ्रैक्चर होने के कारण पुलिस हिरासत में चल रहा बदमाश भाग नहीं सका। हादसे में बदमाश के साथ ही दो पुलिस कॉन्स्टेबल भी घायल हो गए। करधनी थाना पुलिस ने दोनों कॉन्स्टेबल और बदमाश को घायलावस्था में. एसएमएस अस्पताल में भर्ती करवाया है।
पुलिस ने बताया कि नवम्बर-2022 में प्रॉपर्टी कारोबारी विजेंद्र गुलाबबाड़ी की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी शिवराज सिंह जुसरिया उर्फ कालू को अरेस्ट किया था। हत्या का आरोपी शिवराज सिंह नागौर के मकराना का रहने वाला है। सोमवार को करधनी थाना पुलिस नक्शा-मौका तस्दीक करवाने के लिए उसे चौमूं स्थित फार्म हाउस पर लेकर गई थी। शाम को वापस लौटते समय बदमाश शिवराज सिंह ने चलती पुलिस गाड़ी में कॉन्स्टेबल को धक्का मारा। चलती पुलिस गाड़ी से कॉन्स्टेबल को धक्का मारकर नीचे कूद गया। हादसे में बदमाश शिवराज सिंह और दो कॉन्स्टेबल घायल हो गए। पुलिसकर्मियों ने तत्काल गाड़ी रोकर तीनों को संभाला।
घायल बदमाश शिवराज सिंह, कॉन्स्टेबल शक्ति सिंह और राम सिंह को चौमूं अस्पताल पहुंचाया। बदमाश शिवराज सिंह के पैर में फ्रैक्चर होने पर उसे एसएमएस अस्पताल में डॉक्टर्स ने रेफर कर दिया। एसएमएस अस्पताल में बदमाश शिवराज सिंह का इलाज चल रहा है। अस्पताल में भर्ती बदमाश शिवराज सिंह के लिए सुरक्षा गार्ड लगा दिए गए है। इस संबंध में करधनी पुलिस ने बदमाश शिवराज के खिलाफ चौमूं थाने में पुलिस हिरासत से भागने के प्रयास का मामला दर्ज करवाया है। गौरतलब है कि करधनी थाने की स्पेशल टीम ने प्रॉपर्टी कारोबारी विजेंद्र गुलाबबाड़ी की हत्या के मामले में 12 फरवरी को मेन बदमाश शिवराज सिंह जुसरिया को उसके गांव से गिरफ्तार किया था। बदमाश शिवराज 10 दिन के पुलिस रिमांड पर चल रहा था।