


बाड़मेर जिले के थाना गुडामालानी क्षेत्र के रामजी का गोल स्थित पेट्रोल पम्प में 9 फरवरी की रात हुई 14 लाख रुपयों की नकबजनी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना में शामिल एक आरोपी कमला राम भील निवासी भीलों का तला थाना धनाऊ को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार और उसके हिस्से में आए 5 लाख 8 हजार रुपये बरामद किए हैं।
एसपी दिगंत आनंद ने बताया कि 10 फरवरी को जोगेंद्र जाट द्वारा घटना के संबंध में थाना गुडामालानी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट में उसने बताया कि नेशनल हाईवे पर रामजी का गोल स्थित उसके पेट्रोल पंप के ऑफिस का ताला तोड़कर अज्ञात चोर 14 लाख रुपए चुरा कर ले गए। रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना के खुलासे के लिए एएसपी नितेश आर्य व सीओ शुभकरण के सुपरविजन में थाना गुडामालानी एवं डीएसटी की टीम गठित की गई।
रामजी का गोल चौकी प्रभारी जय किशन और डीएसटी के हेड कांस्टेबल महिपाल सिंह के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा घटनास्थल से प्राप्त सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी सहायता तथा आसूचना संकलन कर संदिग्ध कमला राम भील को डिटेन कर पूछताछ की तो उसने वारदात का खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी के पास से 5.08 लाख रुपये और घटना में प्रयुक्त कार जब्त की है, शेष आरोपियों की तलाश की जा रही है।