


रविंद्र जडेजा के कैरियर-बेस्ट टेस्ट फिगर्स के बदौलत भारत ने दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से हरा दिया और चार मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-0 से बढ़त बना ली है। जडेजा ने अपने कैरियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 42 रन देकर 7 विकेट चटकाए, जबकि रविचंद्रन अश्विन ने 59 रन देकर 3 विकेट लिए। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने भारतीय स्पिनर्स के आगे घुटने टेक दिए और उनकी पारी 113 रन पर सिमट गई।
115 रन का आसान लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शीर्षक्रम के बल्लेबाज एक बार फिर सस्ते में आउट हो गए। कप्तान रोहित शर्मा के 31 रन और चेतेश्वर पुजारा के नाबाद 31 रनों की पारी के बदौलत भारत ने यह लक्ष्य तीसरे दिन के दूसरे सत्र में ही आसानी से हासिल कर लिया।
इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 263 रन बनाए थे। इसके जवाब ने भारत ने 262 रन बनाए। दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया की टीम 113 रन पर सिमट गई और भारत के सामने 115 रन का लक्ष्य रखा। टीम इंडिया ने इसे तीसरे दिन ही चार विकेट खो कर हासिल कर लिया।