


दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने सीबीआई से 1 सप्ताह का समय मांगा है। सीबीआई ने रविवार सुबह 11 बजे उन्हें शराब घोटाला मामले में पूछताछ के लिए बुलाया था।उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने सीबीआई से समय मांगते हुए कहा कि वे दिल्ली बजट 2023-24 की तैयारी कर रहे हैं। इसी वजह से उन्हें 1 सप्ताह का समय दिया जाए।
उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शनिवार को ट्वीट कर जानकारी दी थी कि उन्हें सीबीआई ने पूछताछ के लिए बुलाया है। सिसोदिया ने कहा था- मेरे खिलाफ सीबीआई और ईडी ने पूरी ताकत लगा रखी है, घर पर रेड, बैंक लॉकर तलाशी, कहीं मेरे खिलाफ अभी तक कुछ नहीं मिला।
उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा है कि मेरी गलती यह है कि मैंने बस दिल्ली के बच्चों के लिए अच्छी शिक्षा का इंतजाम किया है। भाजपा वाले बच्चों की शिक्षा को रोकना चाहते हैं। मैंने जांच में हमेशा सहयोग किया है और करूंगा।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में शराब घोटाला जैसा कुछ भी नहीं हुआ। यह विपक्षी पार्टी की तरफ से बनाया गया एक राजनैतिक मुद्दा है। अभी तक सीबीआई और ईडी को जांच में कुछ भी नहीं मिला है।
सीबीआई अधिकारियों ने कहा कि दिल्ली आबकारी नीति मामले में चार्जशीट दायर करने के करीब तीन महीने बाद उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को पूछताछ के लिए बुलाया है। चार्जशीट में उन्हें आरोपी के रूप में नामजद नहीं किया है।