


कानोता बांध में 17 दिन पहले मिली युवती की लाश मामले में पर्दा उठने वाला है । उक्त हत्या के मामले में हत्या से 4 दिन पहले लापता हुई युवती की प्रताप नगर थाने में गुमशुदर्गी दर्ज थी। परिचित युवक ने उसका गला घोंटकर हत्या करने के बाद शव को कानोता बांध में फेंका था। प्रताप नगर थाना पुलिस ने हत्यारे को हिरासत में ले लिया है। पुलिस पूछताछ कर रही है कि आखिर इस हत्या के मामले में और कौन-कौन लोग शामिल थे।
गलता गेट के थाना अधिकारी मुकेश कुमार खारडिया ने बताया कि 1 फरवरी दोपहर करीब 2:30 बजे कानोता बांध में मछली पकड़ने मछुआरे गए थे। मछली पकड़ने के लिए जाल फैलाने पर एक कंबल दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर कंबल में युवती की लाश पड़ी थी। कानोता बांध में युवती का शव मिलने का पता चलने पर सनसनी फैल गई। मौके पर इकट्ठा हुई लोगों की भीड़ ने पुलिस को सूचना दी। कानोता थाना पुलिस सूचना पर पहुंचकर कानोता बांध से शव को मछुवारों की मदद से नाव उतारकर शव को पानी से बाहर निकाला गया।
उन्होंने बताया कि मृतका की पहचान नहीं हो पाई थी। दो दिन बाद मृतका की पहचान प्रताप नगर निवासी के रूप में हुई थी। 25 साल की युवती घर से लापता थी। प्रताप नगर थाने में 27 जनवरी को उसकी गुमशुदर्गी भी दर्ज करवाई गई थी। मृतका की पहचान के बाद जांच की गई। जांच में सामने आया कि शाहपुरा निवासी कमल कुमार ने प्रताप नगर स्थित एक अपार्टमेंट में गला घोंटकर हत्या कर दी। जिसके बाद परिचितों के साथ मिलकर शव को ठिकाने लगाया। कंबल में शव को लपट कर कानोता बांध में फेंक दिया। प्रताप नगर थाना पुलिस ने हत्या के मामले में आरोपी कमल कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस शीघ्र ही हत्याकांड के मामले से खुलासा करेगी।