

गो-तस्करी के शक में रेवाड़ी में जलाए गए 2 युवकों को लेकर घाटमीका गांव और भरतपुर जिले में तनाव का माहौल है। इस मामले को लेकर आईजी और एसपी मौके पर मौजूद हैं और उन्हें स्थिति को नियंत्रण में कर रखा है।
वहीं दूसरी ओर शुक्रवार को इस मामले को लेकर घाटमीका गांव में समाज की पंचायत हुई। इसमें शिक्षा राज्यमंत्री जाहिदा खान भी पहुंची। शुक्रवार सुबह हुई पंचायत में तय हुआ था कि मृतकों परिवारों को 20-20 लाख रुपए की मुआवजा राशि दी जाएगी। शिक्षा राज्य मंत्री जाहिदा खान ने कहा था कि शुक्रवार को दोनों युवकों का अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा, लेकिन अब परिवार की मांग है कि मुआवजा राशि 51-51 लाख की जाए और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी के साथ आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी हो। शिक्षा राज्य मंत्री जाहिदा खान ने बताया कि इससे पहले तीन घंटे तक समाज की मीटिंग हुई। इसके बाद मंत्री जाहिदा ने दावा किया कि पुलिस ने एक आरोपी का गिरफ्तार कर लिया है।उन्होंने कहा कि दोनों युवकों का अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा।
इससे पहले देर रात दोनों युवकों के शव जब घाटमीका (भरतपुर) गांव पहुंचे तो हुआ स्थिति तनावपूर्ण हो गई । पंचायत में शिक्षा राज्यमंत्री जाहिदा खान और पीसीसी सदस्य व पूर्व प्रधान जलीस खान घाटमीका पहुंचे हैं। गांव में तनाव का माहौल है और तीन थानों की पुलिस को अलर्ट किया गया है।
भरतपुर का घाटमीका गांव हरियाणा बॉर्डर के नजदीक है। जुनैद के चचेरे भाई इस्माइल ने बुधवार को गोपालगढ़ थाना (भरतपुर) में दोनों के अपहरण और मारपीट का मामला दर्ज कराया था। भिवानी और राजस्थान के भरतपुर जिला की गोपालगढ़ पुलिस दोनों ही जांच में जुटी हैं। दोनों शवों की डीएनए जांच कराई जा रही है।
मृतक जुनैद के चचेरे भाई इस्माइल ने बताया, 'जुनैद और नासिर मंगलवार को भोरूबास सिकरी (भरतपुर) गांव गए थे। यहां उनके भाई की ससुराल है।
रात में वहीं रुक गए थे। बुधवार सुबह घर आ रहे थे। रास्ते में दोनों को सीआईए की टीम और बजरंग दल वालों ने रोका। इनका नाम पूछा। इसके बाद दोनों को गाड़ी से खींचकर बाहर निकालने की कोशिश की गई।'
इस्माइल ने बताया कि बजरंग दल वालों की वजह से इलाके में पहले ही दहशत फैली हुई है। इससे पहले नूंह (हरियाणा) में बजरंग दल वालों की कथित पिटाई से वारिस की मौत हो चुकी है।
परिवार का कहना है कि पुलिस के हिरासत में लेने से इनकार करने के बाद बजरंग दल के नेता मोनू मानेसर, रिंकू सैनी के अलावा 7 से 8 अन्य लोग हमारे दोनों भाईयों को भिवानी (हरियाणा) ले गए। वहां उन्हें पिछली सीट पर बैठाकर जिंदा जलाकर मार डाला। हमें सोशल मीडिया पर चली खबर के बाद दोनों की मौत का पता चला। गाड़ी के इंजन और चैचिस नंबर से पता चला कि ये हमारी गाड़ी है। मरने वाले हमारे दोनों भाई हैं।
हरियाणा के भिवानी में भरतपुर (राजस्थान) के दो युवकों को बोलेरो समेत जिंदा जलाने का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि जुनैद और नासिर का बुधवार को गोपालगढ़ थाना इलाके के पीरूका गांव से कुछ लोगों ने मारपीट कर किडनैप कर लिया था। इसके बाद उन्हें हरियाणा ले जाकर जिंदा जलाने की खबर आई।
भिवानी जिले के लोहारू में गुरुवार को कच्चे रास्ते पर बोलेरो जली हालत में मिली है। बोलेरो में दो लोगों की जली हुई बॉडी मिली है। शव बुरी तरह से जल गए। इनकी केवल हड्डियां ही बची हैं। हरियाणा पुलिस और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच की है। दोनों युवक भरतपुर के पहाड़ी थाना के गांव घाटमीका के रहने वाले थे।