

खेतडी के मेहाडा में स्क्रैप व्यापारी के साथ मारपीट कर दिनदहाडे लूट करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
डीएसपी हजारीलाल खटाणा ने बताया कि 21 दिसंबर को नीमकाथाना निवासी निशांत गोयल ने थाने पर उपस्थित होकर रिपोर्ट दी कि वह सुबह पौने ग्यारह बजे रेवाडी से स्क्रैप का सामान बेचकर दुकानदार से छह लाख रूपए लेकर लोडिंग टेंपो मावंडा खुर्द निवासी कालूराम के साथ आ रहा था। रास्ते में निजामपुर से आगे निकलने के बाद जैसे सीहोड के पास पहुंचे तो टेंपो के पीछे से एक काले कलर की बाईक पर तीन लड़के सवार होकर आए। जिन्होंने अपने मुंह को कपडे से ढक रखा था और अचानक टेंपो के आगे बाइक लगाकर रूकवा लिया। इस दौरान दो लडकों ने उसकी तरफ का गेट खोलकर डंडेऔर कुल्हाड़ी से मारपीट कर उन्हें नीचे गिरा दिया और रूपए से भरा बैग छीन कर भाग गए।
मेहाडा पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश में कस्बे सहित आस-पास वाले लोगों और अपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों से पूछताछ की। पुलिस की टीम लगातार आरोपी की तलाश में खेतडी, मावंडा खुर्द, नाथा रही का नांगल, दयाल का नांगल, जिलो डाबला, कैरवाली, राजावाली, सिरो नीमकाथाना आदि स्थानों पर स्क्रै थानाधिकारी व्यापारी बनकर अपराधिक प्रवृति क लोगों के बारे में जानकारी जुटाई।
पुलिस को सूचना मिली कि लूट की वारदातको अंजाम देने के आरोपी अजीतपुरा क्षेत्र में आए हुए हैं, जिस पर पुलिस ने दबिश देकर मुकेश उर्फ मुक्या व नरेश उर्फ नरसी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने वारदात करना कबूल कर लिया। जिस पर पुलिस ने नाथा का नांगल थाना पाटन निवासी नरेश उर्फ नरसी पुत्र मक्खन लाल, ढाणी के कैरोडा की नारायणपुर जिला अलवर निवासी मुकेश उर्फ मुक्या को बापर्दा गिरफ्तार किया है। डीएसपी खटाणा ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है तथा वारदात में अन्य शामिल आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। इस दौरान टीम में मेहाडा थानाधिकारी सरदारमल यादव, एएसआई बाबूलाल, कॉन्स्टेबल चोखाराम, रोहिताश, प्रमोद कुमार, रामस्वरूप, विजेंद्र आदि शामिल थे।