


असम का राज्यपाल नियुक्त होने के बाद प्रतिपक्ष नेता गुलाबचंद कटारिया सोमवार को सवेरे विधानसभा पहुंचे। कटारिया का पहले विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी और अन्य विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष के कक्ष में मेवाड़ की टोपी और शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। इसके बाद वे सदन में पहुंचे तो विधानसभा अध्यक्ष डॉ.जोशी ने सबकी ओर से कटारिया का बधाई दी और कहा कि वे खुद भी प्रतिपक्ष के नेता कटारिया के राज्यपाल बनने से गौरवान्वित महसूस कर रहे है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. जोशी ने कहा कि कटारिया और वे खुद भी एक साथ एक ही कॉलेज में पढ़े है और कटारिया का जन्म भी उनके खुद के निर्वाचन क्षेत्र के देलवाड़ा गांव में हुआ था।
विधानसभा में प्रश्नकाल से पहले ही विधानसभा अध्यक्ष डॉ.जोशी ने गुलाब चंद कटारिया को बधाई दे दी। इस सम्मान पर कटारिया ने सभी सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वे नई ज़िम्मेदारी का संवैधानिक रूप से निवर्हन करेंगे।
गौरतलब है कि कटारिया को रविवार को असम का राज्यपाल नियुक्त किया गया था। वे अब एक दो दिन में नेता प्रतिपक्ष और विधानसभा से इस्तीफा देंगे और उसके बाद असम जाकर राज्यपाल पद की शपथ ग्रहरण कर कार्यभार संभालेंगे।