


आम आदमी पार्टी की ओर से रविवार को केंद्र की मोदी सरकार और उद्योगपति गौतम अडानी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान जैसे ही प्रदर्शनकारी की विरोध रैली सहकार मार्ग से भाजपा कार्यालय की ओर रवाना हुई। पुलिस ने लाठीचार्ज कर उन्हें खदेड़ दिया। जिसमें आधा दर्जन से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को चोट भी आई है। इस दौरान पुलिस ने विनय मिश्रा समेत 2 दर्जन से ज्यादा कार्यकर्ताओ को गिरफ्तार कर लिया।
आम आदमी पार्टी के प्रभारी विनय मिश्रा ने कहा कि केंद्र की सरकार आम जनता की आवाज को दबा नहीं सकती है। मोदी सरकार ने जनता की गाढ़ी कमाई उद्योगपति गौतम अडानी को देकर घोटाला किया है। जिसके खिलाफ आज हम भाजपा मुख्यालय तक रैली निकालने वाले थे। लेकिन पुलिस ने हम पर ही लाठीचार्ज कर हमारी आवाज को कुचलने का काम किया है।
लेकिन हम डरने वाले नहीं है। हम केंद्र की मोदी सरकार की हकीकत आम जनता तक पहुंचा कर रहेंगे। ऐसे में जब तक केंद्र सरकार गौतम अडानी घोटाले की जेपीसी बनाकर जांच नहीं करवाती है। राजस्थान सहित देशभर में हमारा विरोध जारी रहेगा। मिश्रा ने कहा कि राजस्थान की कांग्रेस सरकार भी उद्योगपति गौतम अडानी के साथ मिल गई है। यही कारण है कि आज बेवजह आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर पुलिस लाठियां बरसा रही है।
मिश्रा ने कहा कि केंद्र सरकार छोटी-छोटी बातों पर विपक्षी नेताओं पर सीबीआई, इनकम टैक्स और ईडी की रेड करा देती है। लेकिन उद्योगपति गौतम अडानी के मामले में केंद्र सरकार ने चुप्पी साध रखी है। क्योंकि गौतम अडानी नरेंद्र मोदी के खास दोस्त हैं। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल पिछले 10 साल से यह बात कह रहे हैं, कि अडानी जैसे उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाया जा रहा है। अब आम जनता को भी यह बात समझ में आने लग गई है। इसलिए इस बार चुनाव में जनता भाजपा को वोट के माध्यम से इसका जवाब देगी।
उल्लेखनीय है कि आम आदमी पार्टी का मोदी अडाणी लूट के खिलाफ आज देश व्यापी प्रदर्शन था। राजस्थान में यह प्रदर्शन जयपुर में प्रदेश चुनाव प्रभारी विनय मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित किया गया जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।