


भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी अरूण सिंह ने राज्य सरकार के बजट को किसानों और युवाओं के लिए निराशाजनक बताया है, उन्होंने कहा कि पिछले चार बजट की घोषणाएं और जनघोषणा पत्र के वादे आज तक अधूरे है, ऐसे में यह बजट सिर्फ चुनाव को ध्यान में रखते हुए पेश किया गया है, जिससे प्रदेश की जनता भ्रमित नहीं होने वाली है।
प्रदेश का हर वर्ग कांग्रेस सरकार के कुशासन से प्रताड़ित है, 2023 में कांग्रेस की सत्ता से विदाई होगी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में तीन चैथाई बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनेगी, जो राजस्थान की सुख शांति, समृद्धि, रोजगार और मजबूत कानून व्यवस्था के लिए काम करेगी।
कांग्रेस की सरकार का बजट पूरी तरह दिशाहीन,किसी भी योजना को पूरा करने का ब्लू प्रिन्ट नहीं: विजया राहटक
राष्ट्रीय मंत्री और सह-प्रभारी विजया राहटकर ने कहा कि कांग्रेस की सरकार का बजट पूरी तरह दिशाहीन है, किसी भी योजना को पूरा करने का इनके पास ब्लू प्रिन्ट नहीं है और महिला सुरक्षा इनके एजेंडे में नहीं है, प्रदेश में कही भी बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं है।
उन्होंने कहा कि पिछले चार बजटों की तरह यह बजट भी घोषणाओं के अलावा कुछ नहीं है, प्रदेश की जनता 2023 में भाजपा की सरकार बनाने को तैयार है और जनविरोधी कांग्रेस सरकार की विदाई करने को तैयार है। राष्ट्रीय मंत्री और सह-प्रभारी विजया राहटकर ने कहा कि कांग्रेस शासन में ना तो किसान कर्जमाफी का वादा पूरा हुआ और बार-बार पेपर लीक से युवाओं के सपने तोडने का काम किया गया, ऐसी सरकार को सत्ता में रहने का कोई हक नहीं है।
राष्ट्रीय मंत्री अल्का गुर्जर, प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा, मदन दिलावर, सुशील कटारा, दिया कुमारी, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, हेमराज मीणा, सीपी जोशी और प्रदेश मुख्य प्रवक्ता रामलाल शर्मा ने कहा कि इस बजट में भी जनता को ठगने और झूठे सपने दिखाने का काम हुआ है, पिछले चार वर्षो में ऐसी कोई भी योजना नहीं है जो पूरी हुई हो, हर विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर है, इन झूठी घोषणाओं से प्रदेश की जनता बहकावे में नहीं आएगी, कांग्रेस शासन में प्रदेश का हर वर्ग दुखी है, जो राजस्थान शांति के लिए जाना जाता था वह कांग्रेस शासन में अपराधों की राजधानी बन गया है।