

बीकानेर आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित पाडली मोड़ के समीप ट्रेलर और कार की टक्कर में कार सवार अजमेर के दम्पती की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद पत्नी ने प्राथमिक उपचार के दौरान दम तोड़ दिया और उसके पति की जयपुर के सवाईमानसिंह अस्पताल पहुंचने से पहले मौत हो गई।
अजमेर के केसरगंज ईदगाह रोड का परिवार यूपी, कासगंज में रिश्तेदार के शादी समारोह में जा रहा था।
पुलिस ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित पाडली मोड़ पर रोड के किनारे ट्रेलर से जयपुर की ओर से आ रही कार टकरा गई। कार में सवार केसरगंज ईदगाह रोड, चांद बावड़ी निवासी उमंग गुप्ता, उसकी पत्नी माधवी गंभीररूप से घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने सामुदायिक अस्पताल में भर्ती करवाया। उपचार के दौरान माधवी की मौत हो गई जबकि उमंग को गंभीर अवस्था में जयपुर एसएमएस रेफर किया। लेकिन जयपुर पहुंचने से पहले ही उसने भी दम तोड़ दिया। कार में सवार उमंग के पिता अजीत गुप्ता, मां संतोष और 4 माह का पुत्र एकांक्ष सुरक्षित हैं।अजीत गुप्ता की श्रीनगर रोड पर चाचा पान हाउस के नाम से दुकान है। अजीत गुप्ता के तीन संतान में उमंग सबसे छोटा था।