


मुहाना इलाके में मंगलवार तड़के साढ़े तीन बजे डिग्गी रोड (रिंग रोड) के पास फॉर्च्यूनर पलटने से 12वीं के छात्र की मौत हो गई। जबकि एक साथी गंभीर घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि पृथ्वीराज नगर महारानी फार्म दुर्गापुरा निवासी मीत बडाया नीरजा मोदी स्कूल में 12वीं में पढ़ता था।
मीत के चाचा ने बताया कि मंगलवार को स्कूल में फेयरवेल पार्टी थी। यहां से लौटने के बाद 3-4 कार में सवार दोस्तों के साथ वह घूमने गया था। साथ में सांगानेर निवासी अर्णव चौधरी भी था, जो पहले नीरजा मोदी का पुराना विद्यार्थी है।
रिंग रोड पर दोस्तों ने कार रेसिंग की। जिस फॉर्च्यूनर में मीत और अर्णव सवार थे, वह पलट गई। किसी ट्रक चालक ने सड़क किनारे कार पड़ी होने की सूचना दी। ‘हाईवे मोबाइल’ के पहुंचने तक दोस्त दोनों घायलों को अस्पताल ले गए थे। यहां डॉक्टरों ने मीत को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मीत के दोस्त उसे घर ले गए और परिजनों को बताकर गेट पर छोड़ गए।