


भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे अब राजनीतिक में सक्रिय होने से उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल बन रहा है। वहीं दूसरी ओर उनके विरोधी खेमे में इस बार की हलचल है कि आने वाले समय में क्या कुछ होने वाला है ! रविवार को राजे अपने तीन दिवसीय प्रवास पर मेवाड़ पहुंची। जहां सबसे पहले उदयपुर पहुंचने पर पूर्व सीएम राजे का भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। इसके बाद राजे अपने समर्थकों के साथ सड़क मार्ग से डूंगरपुर के लिए रवाना हुई। जहां बेणेश्वर मेले में शामिल होने के बाद डेढ़ किलोमीटर तक पैदल चल राधा-कृष्ण मंदिर पहुंची। जहां उन्होंने महंत अच्युतानंद महाराज का आशीर्वाद लेकर लगभग डेढ़ घंटे तक पूजा-अर्चना की।
सोमवार को राजे डूंगरपुर के सागवाड़ा से उदयपुर जाएंगी और उदयपुर में सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होगी। सोमवार को उदयपुर में ही रात्रि विश्राम के बाद मंगलवार शाम राजे जयपुर पहुंचेंगी।पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे अपने तीन दिवसीय दौरे के दौरान 7 फरवरी तक डूंगरपुर, उदयपुर, बांसवाड़ा जिले के दौरे पर रहेंगी।
पूर्व सीएम राजे ने कहा कि मुझे लगता है कि अब भी बहुत कुछ करना है। महाराज के आशीर्वाद से हम सब को यह विश्वास है। आज नहीं तो कल, कल नहीं तो परसों मावजी महाराज के आशीर्वाद से यह काम होने वाला है। बस आप लोग अपना आशीर्वाद बनाए रखो। वहीं मेले में आदिवासी महिला के आग्रह परपूर्व सीएम राजे ने तीर-कमान भी चलाया। उन्होंने कहा कि कोई लक्ष्य मनुष्य के साहस से बड़ा नहीं।
पूर्व सीएम राजे के साथ सांसद अर्जुन मीणा, कनकमल कटारा, विधायक दीप्ति माहेश्वरी, धर्मनारायण जोशी, ललित अस्तवाल, अर्जुन जीनगर, पूर्व मंत्री श्रीचंद कृपलानी, पूर्व विधान सभा अध्यक्ष शांति लाल चपलोत, पूर्व मंत्री हरी सिंह रावत, पूर्व विधायक नाना लाल आहारी, उदयपुर मेयर गोविन्द सिंह टाक, विधायक समा राम गरसिया, गोपी चंद मीणा, अमृत मीणा, हरेंद्र नीनामा, कैलाश मीणा समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्त्ता मौजूद रहे।