


भाजपा सांसद डॉ.किरोड़ी लाल मीणा ने 13वें दिन अपना धरना स्थगित कर दिया है। सात दिन में चार पेपर लीक मामलों में डीजीपी के नेतृत्व में कार्रवाई के आश्वासन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 फरवरी को दौसा के प्रस्तावित दौरे के चलते धरना स्थगित किया गया है।
मीणा ने साफ चेतावनी दी कि अगर इस समयावधि में कार्रवाई नहीं हुई तो लाखों लोगों के साथ फिर जयपुर कूच किया जाएगा। भाजपा सांसद डॉ किरोड़ी लाल मीणाअब भी पेपर लीक के मामलों की सीबीआई जांच की मांग पर अड़िग हैं। धरने के 13वें दिन जब सरकार की ओर से बातचीत का बुलावा नहीं आया तो डॉ किरोड़ी लाल मीणा ने युवाओं के साथ जयपुर कूच कर दिया। घाट की गूणी टनल से सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सभी लोग शहीद स्मारक पहुंचे। इसके बाद सरकार का बुलावा आया और डॉ किरोड़ी लाल मीणा बातचीत के लिए पुलिस कमिश्नरेट पहुंचे। यहां गृह राज्यमंत्री राजेंद्र यादव और पुलिस अधिकारियों के साथ उनकी वार्ता हुई।
वार्ता के बाद डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि आरएएस, सब इंस्पेक्टर, सिपाही रीट और द्वितीय श्रेणी टीचर्स भर्ती परीक्षा के पेपर लीक हुए थे। इनके प्रमाण मैंने सरकार को दिए है। गृह राज्यमंत्री यादव के साथ वार्ता में तय हुआ है कि डीजी साहब इन सभी मामलों की निगरानी करेंगे। एक—एक बिन्दु पर चर्चा हुई और पुलिस को खुद गंभीर प्रकरण दिखाई दिए है। सात दिन के बाद कोई ना कोई चीज लाकर मीडिया के समने सरकार रखेगी। उन्होंने कहा कि सीएम क्लीन चिट दे चुके हैं कि मेरे राज्य का अधिकारी नेता इन मामलों में शामिल नहीं है। ऐसे में राज्य की एजेंसी के जांच पर असर पड़ेगा। इसलिए सीबीआई जांच की मेरी मांग जारी रहेगी। 12 को पीएम मोदी आ रहे हैं, जब तक हमारा आंदोलन स्थगित कर रहे हैं। इसके बाद नई तिथि पर निर्णय किया जाएगा। इस दौरान सरकार कोई ना कोई कार्रवाई करेगी। इसके बाद भी संतुष्टिपूर्ण कार्रवाई नहीं हुई तो जयपुर कूच किया जाएगा।
गृह राज्यमंत्री राजेंद्र यादव ने वार्ता के बाद कहा कि किरोड़ी लाल मीणा ने जो जांच के बिन्दु दिए हैं, उनकी तथ्यात्मक जांच चल रही है। आगे डीजी की मॉनिटरिंग में जांच होगी। मुल्जिम कितना ही वीआईपी हो, सलाखों के पीछे होगा। उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार ने सबसे पहले नकल के विरुद्ध सबसे सख्त कानून राज्य सरकार ने बनाया है। कोई नहीं चाहता है कि पेपर लीक हो। परीक्षा फुल प्रुफ परीक्षा हो। इसके लिए कोई भी सुझाव दे तो सरकार उनका स्वागत करती है।
टनल से निकलने के बाद डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ई-रिक्शा से शहीद स्मारक पहुंचे। इस दौरान पुलिस और प्रशासन का जाप्ता पैदल चलता रहा। रिक्शावाले ने किरोड़ी से पैसा भी नहीं लिया।
डॉ. करोड़ी लाल मीणा ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर सतीश पूनिया पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने जो वादा किया था कि भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता आंदोलन करेंगे जबकि ऐसा हुआ नहीं। उन्होंने कहा कि डॉ. पूनिया ने मुझे धोखा दिया है। यह ठीक नहीं है।