


थाना सुखेर पुलिस और डीएसटी ने संदिग्ध कार में सवार तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके पास से एक 12 बोर बंदूक, दो पिस्टल सहित 14 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने कार सवार दलपत सिंह निवासी थाना अंबामाता, अनिल निवासी थाना गोगुंदा और भंवर सिंह निवासी थाना सायरा जिला उदयपुर को गिरफ्तार किया है।
एसपी विकास शर्मा ने बताया कि अवैध हथियारों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ठाकुर चंद्रशील व सीओ अभिषेक शिवहरे के सुपरविजन तथा थानाधिकारी संजय शर्मा और डीएसटी प्रभारी दिलीप सिंह के नेतृत्व में फूलों की घाटी रोड पर यह कार्रवाई की है।
आसूचना के आधार पर एक संदिग्ध कार को रोका गया। कार में बैठे दलपत सिंह, अनिल और भंवर सिंह की तलाशी में एक 12 बोर बंदूक मय पांच जिंदा कारतूस, दो पिस्टल मय 9 कारतूस बरामद किए। आर्म्स एक्ट के तहत तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर हथियार और कार जप्त की गई है। फिलहाल पुलिस की टीम गिरफ्तार आरोपियों से हथियारों की खरीद-फरोख्त के संबंध में पूछताछ कर रही है।