


बगरू थाना इलाके से गुरुवार को सुबह 3 बजे एटीएम लूट कर भागे बदमाशों को सिकंदरा पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान पकड़ा। पुलिस ने तीन बदमाशों के पास से लूटा हुआ एटीएम,एटीएम लूटने वाले औजार, एक पिकअप गाड़ी बरामद की । बदमाशों ने बताया कि उनके द्वारा पूर्व में बालाहेडी,मौजपुर व बनोखर में भी एटीएम लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था।
आईजी जयपुर ग्रामीण उमेश चंद्र दत्ता ने बताया कि गुरुवार तड़के सुबह 3 बजे बगरू से एटीएम तोडकर ले जा रहे बदमाश लोकेन्द्र सिंह राजपूत निवासी खडकपुर थाना रैणी जिला अलवर, गणेश चौधरी निवासी चोरू थाना फागी जिला जयपुर ग्रामीण और हितेश सैनी निवासी बव का बास खोहरा थाना लक्ष्मणगढ जिला अलवर को सिकन्दरा चौराहा पर नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार किया गया। जिनके कब्जे से एक पिकअप जिस पर फर्जी नम्बर आरजे 23 जीएच 3169 की प्लेट लगी हुई थी । पिकअप के अन्दर एक बैंक ऑफ बड़ौदा का एटीएम मशीन, वारदात में उपयोग में लिए गये 2 सब्बल, एक रस्सा व एटीएम को ढकने मे उपयोग में ली गई रजाई तथा पिकअप के अन्दर 5 लीटर हथकढ शराब जब्त की गई।
पुलिस को बदमाशों ने पूछताछ में बताया कि उनके द्वारा बालाहेडी पुलिस थाना महवा जिला दौसा, मौजपूर पुलिस थाना लक्ष्मणगढ जिला अलवर व बनोखर पुलिस थाना बहतु कला जिला अलवर में एटीएम लूट की वारदात की गई हैं। बदमाश गणेश चौधरी के खिलाफ पूर्व में वाहन चोरी व अन्य चोरी के करीब 20 प्रकरण दर्ज है। मुलजिम लोकेन्द्र सिंह राजपूत थाना रैणी का एचएस है, जिसके खिलाफ पूर्व में करीब 22 प्रकरण चोरी व वाहन चोरी के दर्ज है।