


राजस्थान विधानसभा में लंबी बहस और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के जवाब के तत्काल बाद राज्यपाल अभिभाषण धन्यवाद प्रस्ताव को पारित कर दिया गया। इसी के साथ विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर सीपी जोशी ने विधानसभा की कार्यवाही आगामी 10 फरवरी तक के लिए स्थगित कर दी।
विधानसभा में इससे पहले राज्यपाल के अभिभाषण के जवाब में सीएम अशोक गहलोत ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधते हुए चुन-चुनकर आरोपों के जवाब दिए। सीएम गहलोत ने कहा कि भाजपा ने चार साल निकाल दिए, लेकिन कोई मुद्दा खड़ा नहीं कर सके। अभी भाजपाने जन आक्रोश यात्रा निकाली उसमें न जन दिखा, न आक्रोश दिखा।
सीएम गहलोत ने कहा कि पीएम दौसा आ रहे हैं। यह सुन रहे हैं। यह अच्छा मौका है। हम उन्हें ईस्टर्न कैनाल परियोजना के मुद्दे को याद दिलाएं या हम सब मिलकर दिल्ली चलें। पीएम चाय पिलाएं तो ठीक, इतनी तो पीएम की याददाश्त है कि उनका किया हुआ वादा याद आ जाएगा। नहीं तो हम साथ में उनके भाषण की रिकॉर्डिंग ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि ईआरसीपी प्रदेश के लिए अहम परियोजना है। इस पर हम सबको मिलकर प्रयास करना चाहिए।
सीएम गहलोत ने कहा कि पेपरलीक का मामला बहुत गंभीर है। पूरे देश में पेपरलीक के गैंग बन चुके हैं। गुजरात में 2 दिन पहले पेपरलीक हो गया, वहां बच्च्चे सड़कों पर आ गए। हमें दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सोचना होगा। हम सब मिलकर इसे रोकने पर चिंतन करें। उन्होंने विधानसभा में कहा कि अगर विपक्ष चाहे तो सरकार विधानसभा की कमेटी बनाने के लिए तैयार है। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से आग्रह करते हुए कहा कि वह इस मामले में कमेटी बनाए तो सरकार उसके सुझाव पर काम करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक मामला गंभीर है और इसे रोकने के लिए हर कार्यवाही करने के लिए विपक्ष के साथ सरकार तैयार है। उन्होंने कहा कि भाजपा सांसद डॉ. किरोड़ी लाल मीणा बेरोजगारों को लेकर धरना दे रहे हैं अखिलेश का क्या औचित्य है ? सीबीआई जांच कराने से क्या होगा हम हर ऐसी उपाय ढूंढने के लिए तैयार है जिससे कि पेपर लीक होने होना बंद हो जाए। राजनीति नहीं करनी चाहिए किसी भी दल को और भाजपा के सांसद आखिर ऐसा क्यों कर रहे हैं वही बता सकते हैं।
सीएम गहलोत ने कहा कि प्रदेश ने इतिहास बनाया है। मोदीजी को दो बातों के लिए आगे आना चाहिए। पूरे देश में सोशल सिक्योरिटी का कानून बनाना चाहिए। बुजुर्गों को पेंशन के लिए कानून बनाइए। मोदीजी ऐसे कानून बनाइए। जिंदा रहने के लिए मिनिमम तो मिले यह हमें करने की जरूरत है। यूनिवर्सल हेल्थकेयर हमारा सपना है। 'चिरंजीवी' योजना में केवल आईपीडी (इनडोर पेशेंट) में 31 लाख लाभार्थी हो चुके हैं।
सीएम गहलोत ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष नेता गुलाबचंद कटारिया का पूरा भाषण भावनाओं पर टिका था और झूठ का पुलिंदा था। उन्होंने कहा कि प्रतिपक्ष नेता ने जो मुद्दे बहस के दौरान उठाए हैं उनकी जांच करा लूंगा और उन्हें विस्तार से जवाब भेजूंगा और उसके प्रति सभी विधायकों को भेजकर स्पष्ट करूंगा कि आखिर उन्होंने क्या कुछ सही कहा क्या कुछ गलत। सीएम गहलोत ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष का यह कहना कि केंद्र सरकार सबको साथ लेकर चल रही है, इससे बड़ा झूठ हो नहीं सकता। हमारा तो मुद्दा ही यही है। आज देश में किस तरह का माहौल है। लोकसभा में भाजपा से एक भी सांसद मुस्लिम नहीं है, आप किस आधार पर सबको साथ लेकर चलने की बात करते हो। चुनाव आने वाले हैं, केवल मोदी को इंप्रेस करने के लिए भाषण दे रहे थे।
सीएम गहलोत ने कहा किउपचुनाव में कांग्रेस लगातार जीत रही है। एक जगह भाजपा तीसरे नंबर पर आई है, यह मत भूलिए। जनता माई बाप होती है।