


सीकर की कोतवाली थाना पुलिस ने गैंगस्टर राजू ठेहट और निर्दोष मदन ताराचंद हत्याकांड के मामले में बुधवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों में एक अजमेर जेल में बंद हार्डकोर अपराधी है तो दूसरा अजमेर की सेंट्रल जेल का प्रहरी। दोनों आरोपियों को बुधवार को सीकर कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें 2 दिन के रिमांड पर भेजा गया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुटी है।
कोतवाली थाना अधिकारी पवन कुमार चौबे ने बताया कि 3 दिसंबर 2022 को सीकर के पिपराली रोड पर हुई गैंगस्टर राजू ठेहट और ताराचंद कड़वासरा की हत्या के मामले में आज दो आरोपी कुलदीप उर्फ टिंकू निवासी सुभाष मंडी, इंदिरा कॉलोनी, नीमकाथाना और योगेश वर्मा निवासी अंबेडकर मोहल्ला, पाटन हाल निवासी सुशांत सिटी कालवाड़ जयपुर को गिरफ्तार किया है।
कुलदीप उर्फ टिंकू पर पहले भी डकैती, लूट, हत्या जैसे 33 मामले दर्ज हैं। वहीं योगेश वर्मा अजमेर की सेंट्रल जेल का ही प्रहरी है। राजू ठेहट हत्याकांड में कुलदीप का कनेक्शन पूर्व में गिरफ्तार हो चुके आरोपियों से था। राजू ठेहट की हत्या से पहले कुलदीप उर्फ टिंकू को जेल प्रहरी योगेश वर्मा ने अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में मोबाइल पहुंचाया था।
गौरतलब है कि मामले में पुलिस मनीष, विक्रम गुर्जर, जतिन, सतीश, सकील, गणेश, राकेश, मुकेश, सरजीत, गुलझारी, उमेश, नेमीचंद, धनराज, विजयपाल, अशोक, अशोक मीणा को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं दो नाबालिग को भी मामले में निरुद्ध किया जा चुका है।