


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद के बजट सत्र से पहले रविवार को केंद्रीय मंत्री परिषद की बैठक बुलाई है। बैठक सुबह 10 बजे से पीएम आवास पर होगी। इसमें मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा होगी। इसके आधार पर ही मिशन-2024 के लिए मंत्रिमंडल में फेरबदल हो सकता है।
पीएमओ के अधिकारियों ने बैठक की पुष्टि की है। माना जा रहा है कि बैठक 6 घंटे की होगी। रक्षा, गृह, वित्त और विदेश मंत्रालय को छोड़कर बाकी मंत्रालयों के कामकाज की समीक्षा होनी है। पीएमओ के अधिकारी विभिन्न मंत्रालयों के कामकाज पर अब तक दिए गए प्रजेंटेशन के आधार पर रिपोर्ट कार्ड रखेंगे और पीएम मोदी प्रतिक्रिया देंगे।
केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति और कौन सी योजना किस हद तक आम लोगों तक पहुंची है, इसका भी लेखाजोखा बैठक में रखा जाएगा। बैठक में पीएम मोदी मिशन-2024 के लिए अपना विजन मंत्रियों से साझा करेंगे।
बैठक में आम चुनाव को लेकर फेरबदल का संकेत भी मिल सकता है। वर्ष 2024 में संगठन की जरूरत के हिसाब से लगभग 50 फीसदी मंत्रालयों में फेरबदल हो सकता है।