Saturday, 29 August 2026

ब्याज माफियाओं से परेशान होकर प्रवीण ने की खुदकुशी,मां ने कराया मामला दर्ज


ब्याज माफियाओं से परेशान होकर प्रवीण ने की खुदकुशी,मां ने कराया मामला दर्ज

चाकसू थाना इलाके के रेगर मोहल्ले में रहने वाले युवक ने ब्याज माफियाओं से परेशान होकर विषाक्त पदार्थ खाकर सुसाइड कर लिया। मृतक प्रवीण कुमार ने मरने से पूर्व आधा दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ डराने, धमकाने और सुसाइड करने के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। मृतक की मां को घर से एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें लिखा है कि आरोपी उससे 10 रुपए सैकड़ा के हिसाब से पैसा ले रहे थे। यह ब्याज माफिया इलाके के ही रहने वाले हैं और प्रवीण कुमार को काफी समय से परेशान कर रहे थे। 

सुसाइड नोट मिलने पर मृतक प्रवीण कुमार की मां शांति देवी की ओर से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। चाकसू थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आधा दर्जन से अधिक नामजद लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने ,एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। 

शांति देवी की रिपोर्ट के अनुसार उनका बेटा प्रवीण 10 रुपए सैकडे के हिसाब से आरोपियों को ब्याज दे रहा था। लेकिन किश्त बाउंस हो जाने से आरोपियों ने उसको परेशान करना शुरू कर दिया। जिससे पीड़ित परेशान रहने लगा। वह गुमसुम घर पर ही रहता था क्यों की बाहर निकलने पर ये बदमाश उसे परेशान किया करते थे। 8 दिसंबर 2022 को करीब दोपहर 12:30 बजे प्रवीण ने विषाक्त पदार्थ पी लिया और अचेत अवस्था में घर पर गिर गया। जिसे उपचार के लिए एस एम एस अस्पताल ले जाया गया जहां 12 दिसंबर 2022 को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिवार को प्रवीण के आत्महत्या करने की किसी भी प्रकार की कोई जानकारी नहीं थी लेकिन जब प्रवीण की मां शांति देवी को प्रवीण के कमरे से सुसाइड नोट मिला तो उनके द्वारा यह रिपोर्ट दी गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया।

शांति देवी ने आरोप लगाया है कि योगेश मीना, राकेश फुलवरिया, शाहिद मौलाना, रामस्वरूप लोधा, नवीन बोहरा, जो कि चाकसू के ही रहने वाले हैं और ब्याज का काम करते हैं। इन लोगों ने मृतक प्रवीण को 10 रुपए सैकडे के हिसाब से पैसा दिया था। पैसा नहीं लौटाने पर आरोपियों के द्वारा उसे परेशान किया गया। जिससे उसने सुसाइड कर लिया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली।




Previous
Next

Related Posts