Saturday, 29 August 2026

ओवरटेक कर रहे ट्रक ने बाइक के मारी टक्कर, दो चचेरे भाइयों की मौत


ओवरटेक कर रहे ट्रक ने बाइक के मारी टक्कर, दो चचेरे भाइयों की मौत

सीकर जिले में फतेहपुर-चूरू हाईवे मोदी राजकीय कॉलेज के सामने ट्रक ने ओवरटेक करने के चक्कर में शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे बाइक के टक्कर मार दी ।  जिसमें बाइक पर सवार 2 चचेरे भाइयों की मौत हो गई। दोनों चचेरे भाई बहन के यहां  खरीनटा रामगढ़ से दिनारपुरा गांव गृह प्रवेश का कार्यक्रम भाग लेने जा रहे थे। 

डीवाईएसपी राजेश कुमार विद्यार्थी ने बताया कि अजय मेघवाल और कमल रिश्ते में चाचा-ताऊ के लड़के थे। दोनों फतेहपुर के खरीनटा रामगढ़ के रहने वाले थे। शुक्रवार दोपहर बाइक से खरीनटा रामगढ़ से दिनारपुरा गांव जा रहे थे। रास्ते में मोदी राजकीय कॉलेज के सामने ट्रक ने ओवरटेक करने के चक्कर में बाइक को टक्कर मार दी। दोनों सड़क पर गिर गए। अजय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। कमल गंभीर रूप से घायल था।

पुलिस के साथ ही मौके पर पूर्व सरपंच मोहनलाल भी पहुंचे। उन्होंने अपनी गाड़ी से कमल को धानुका हॉस्पिटल भिजवाया। स्थिति गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे सीकर रेफर कर दिया। सीकर पहुंचने से पहले ही कमल की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। ड्राइवर को गिरफ्तार किया गया है।

दोनों चचेरे भाई अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। दोनों की एक-एक छोटी बहन है। दोनों दोस्त की तरह साथ रहते थे। कमल ने 12वीं पास करने के बाद स्टूडियो का काम शुरू किया था। अजय 12वीं में पढ़ाई कर रहा था। दोनों के ताऊ की लड़की के नए घर का प्रोग्राम था। फोटो खींचने के लिए कैमरा लेकर जा रहे थे।







    Previous
    Next

    Related Posts