


नकली बीड़ी पर ब्रांडेड कंपनी के ट्रेड मार्क और ब्रांड लगाकर बेचने का धंधा जयपुर में जोरों से चल रहा है। झोटवाड़ा एसीपी प्रमोद स्वामी ने मुरलीपुरा थाने में गुरुवार नकली बीड़ी बिकने का मामलाको दर्ज कराया है।
एसीपी झोटवाड़ा प्रमोद स्वामी ने बताया कि सोनू कुमार मूलवानी नकली बीड़ी का कच्चा माल खरीद कर उस पर अलग-अलग बीड़ी कंपनियों के ट्रेडमार्क, रैपर, ब्रांड लोगो लगाकर असली के रूप में ग्राहकों को खुद के मुनाफे के लिए बेच दिया करता था। शहर की सैकड़ों दुकानों में उसकी यह सप्लाई हो रही थी। शिकायत मिलने पर सोनू कुमार मूलवानी की मुरलीपुरा स्थित फैक्ट्री में दबिश दी गई। इस दौरान बड़ी मात्रा में नकली बीड़ी पुलिस ने बरामद की। मौके पर पुलिस को ब्रांडेड कंपनियों के ट्रेडमार्क,रैपर,सील मिली जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया हैं। आरोपी सोनू कुमार मूलवानी की पुलिस तलाश कर रही हैं।
मुरलीपुरा थाना पुलिस ने इस संबंध में आरोपी सोनू कुमार मूलवानी के खिलाफ धोखाधड़ी व कॉपीराइट एक्ट सहित ट्रेडमार्क अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया है। प्रमुख स्वामी ने बताया कि आरोपी 109 शेखावटी नगर में गोदाम किराए पर लेकर यह गतिविधि चला रहा था। आरोपी के खिलाफ अलग-अलग दुकानों से शिकायत मिलने पर यह कार्रवाई की गई है।