


जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की सीएसटी टीम ने पिछले दिनों सांगानेर, वाटिका, शिवदासपुरा क्षेत्र में पकड़ी 4 अवैध शराब की फैक्ट्री गोदामों पर अब जयपुर विकास प्राधिकरण कार्रवाई करने का मानस बना रहा है। जेडीए सतर्कता टीम नेने चार अलग-अलग नोटिस जारी करते हुए जिन भवनों में ये फैक्ट्री गोदाम चल रहे थे, उनके मालिकों से जवाब मांगा है। 28 जनवरी तक जवाब पेश नहीं करने पर जेडीए इन भवनों को तोड़ने की कार्रवाई करेगा।
जेडीए के जोन 14 के प्रवर्तन अधिकारी की ओर से गणेश नारायण यादव को शिकारपुरा रोड तहसील सांगानेर, ग्यारसी लाल रैगर प्लॉट नं. 103 त्रिवेणी नगर शिवदासपुरा बाड़ा पदमपुरा रोड, राहुल कटारिया प्लॉट नं. 41 वैष्णो फार्म, ग्राम ग्वार ब्राह्माणान, तहसील सांगानेर और बद्रीनारायण शर्मा प्लॉट नं. 40 वसुंधरा विहार, वाटिका रोड तहसील सांगानेर को नोटिस जारी किया है। इन सभी भवन मालिकों को 28 जनवरी तक का समय दिया है। 29 जनवरी से जेडीए अपने स्तर पर इन गोदाम और फैक्ट्री को तोड़ने की कार्यवाही करेगा। ये सभी गोदाम और फैक्ट्रिया अवैध तरीके से बनी हुई है, जिनको धारा 32-33 के तहत नोटिस जारी किया है। 22 जनवरी को पुलिस कमिश्नरेट की सीएसटी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इन अवैध शराब फैक्ट्री और गोदामों का खुलासा किया था। इस मामले में प्रथमदृश्या आरोपी मानते हुए प्रशासन ने 5 सीआई को निलंबित किया था। इसमें तीन सीआई आबाकारी विभाग में तैनात थे, जिसमें चाकसू आबकारी निरीक्षक विद्याकुमारी, सांगानेर आबकारी निरीक्षक प्रदीप कुमार और आबकारी निरोधक दल दक्षिण के प्रभारी किशन सिंह को निलंबित किया था। वहीं पुलिस कमिश्नर ने सांगानेर सदर सीआई बृजमोहन कविया और शिवदासपुरा सीआई मांगीलाल विश्नोई को निलंबित किया था।