


भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कार्यकर्ताओं को कहा कि आप पार्टी की योजनाओं को लेकर जनता के बीच जाएं और लगातार मेहनत करें। जरूरी नहीं आप को विधायक का टिकट मिले। लेकिन आप नेता जरूर बन जाएंगे। उन्होंने कहा कि अब वक्त आ गया है। घर घर जाकर लोगों से जनसंपर्क करें। ढोल बजाकर रैली निकलने से कुछ नहीं होगा। लोगों से व्यक्तिगत जुड़ाव बनाना जरूरी है। हमें केंद्र सरकार की योजनाओं को और कांग्रेस की विफलताओं को जनता के बीच पहुंचना होगा। तभी हम राजस्थान की जनता को अपने साथ जोड़ पाएंगे।
सोमवार को भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के समापन अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि सभी नेता और कार्यकर्ताओं को अपने बूथ की हर छोटी जानकारी होनी चाहिए। उन्हें पता होना चाहिए उनके बूथ में टोटल कितने वोट हैं। किस जाति के कितने वोट हैं। महिला कितनी हैं, एससी-एसटी और दूसरे वर्ग के कितने वोट हैं। युवा वोटर कितने हैं, नव मतदाता कितने हैं। अगर पार्टी कार्यकर्ता के पास यह जानकारी नहीं होगी। तो इसका मतलब उसकी उस बूथ पर पकड़ कमजोर है। इसलिए सक्रियता पार्टी कार्यकर्ता के लिए सबसे जरूरी है।
इससे पहले भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक जयपुर के एंटरटेनमेंट पैराडाइज में चल संपन्न हो चुकी है। पहले सत्र की बैठक में कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का राजनीतिक प्रस्ताव पारित हुआ।
जयपुर में आयोजित भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति मे पहुंचे प्रभारी अरूण सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि लोकतंत्र में शुचिता कायम रहनी चाहिए। नहीं तो लोकतांत्रिक व्यवस्था खराब होती है।
सिंह ने कहा कि कांग्रेस में प्रतिशोध की राजनीति चल रही है। नाकारा, निकम्मा और कोरोना जैसे शब्दों का प्रयोग किया जा रहा है। राजनीति का इससे गंदा उदाहरण मैंने इससे पहले कहीं नहीं देखा। सिंह ने कहा कि 4 साल में 400 बार कांग्रेसियों के झगड़े ने हाईकमान तक को चुनौती दे डाली। सीएम अशोक गहलोत और सचिन पायलट में आपसी मनमुटाव जगजाहिर हो चुका है। जिसके चलते प्रदेश की जनता परेशान हो रही है।
इससे पहले विधायक वासुदेव देवनानी ने कहा कि राजस्थान में हालात इतने बिगड़ गए हैं कि नवंबर से पहले भी चुनाव हो सकते हैं। केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि प्रदेश में जंगलराज है। कानून व्यवस्था पूरी तरह से फेल हो गई है। जहां केंद्र सरकार भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए काम कर रही है। वहीं गहलोत सरकार राजस्थान को पीछे धकेलने का काम कर रही है। युवाओं के साथ धोखा किया जा रहा है। बार-बार पेपर लीक होने से युवा परेशान है। चौधरी ने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में तय हुआ है कि जनता से जुड़े मुद्दों को उठाया जाएगा और कांग्रेस के खिलाफ सड़कों पर भाजपा आंदोलन करेगी।
इससे पहले रविवार को प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में विधानसभा सत्र के दौरान सरकार को घेरने की रणनीति बनाई गई। वहीं गुटबाजी खत्म कर पार्टी को मजबूत करने की रणनीति पर चिंतन और मंथन किया गया। पदाधिकारियों की बैठक में पार्टी के बूथ स्तर के कार्यकर्ता को सक्रिय करने पर चर्चा की गई। जिसके तहत पार्टी पदाधिकारियों ने प्रदेशभर में प्रतिनिधि सम्मेलन आयोजित करने का फैसला किया।
वहीं जन-आक्रोश अभियान की तर्ज पर अब जिला स्तर पर कांग्रेस को घेरने के लिए 15 फरवरी से 15 मार्च तक प्रदर्शन और सभा करने का फैसला किया गया। बैठक में नव मतदाता अभियान और फोटो युक्त बूथ समिति तैयार करने पर भी चर्चा की गई।