


भाजपा प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि दिल्ली में दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यसमिति आयोजित हुई जिसमें राजनीति, आर्थिक, सामाजिक प्रस्ताव पारित किए गए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में 8 वर्षो में जो लोककल्याणकारी कार्य किए गए, उनके बारे में बताया गया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नडडा का कार्यकाल जून 2024 तक बढ़ाया गया।
गुरुवार को भाजपा मुख्यालय पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश भाजपा महामंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि, गुजरात में भाजपा प्रचंड रूप से जीत हुई, कांग्रेस की इतनी बुरी हार गुजरात में इससे पहले कभी नहीं हुई। 27 वर्षों के शासन के बावजूद अब तक के इतिहास में सबसे प्रचंड बहुमत से भाजपा की विजय स्पष्ट करती है कि पीएम मोदी की लोकप्रियता कितनी अधिक है और उनके नेतृत्व को गुजरात की जनता ने वोट के माध्यम से गुजरात में भाजपा की सरकार बनाई।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने गुजरात विधानसभा चुनाव में पार्टी के एक सच्चे सिपाही की तरह पूरे चुनाव प्रचार अभियान में आगे बढ़ कर पार्टी का नेतृत्व किया। गुजरात में लगभग 32 रैलियां और 4 रोड शो किये। पीएम मोदी हां ने अहमदाबाद में 50 किलोमीटर लंबा सबसे बड़ा रोड शो भी किया जो अहमदाबाद की सभी विधानसभाओं से गुजरा, विधानसभा की आरक्षित 40 सीटों में से 34 सीटों एवं आदिवासी इलाके की 27 में से 23 सीटें भाजपा के खाते में आई। एससी के लिए आरक्षित 13 सीटों में 11 सीटों पर, अहमदाबाद की 21 में से 19 सीट, सूरत की सभी 16 सीटें, वड़ोदरा में 10 में से 9 सीटें भाजपा को मिली। 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 49 प्रतिशत मत प्राप्त हुए थे, जो इस बार भाजपा ने 53.33 प्रतिशत मत हासिल किया।
शर्मा ने कहा कि 2023 में 9 राज्यों में त्रिपुरा, मेघालय, नागालैंड, कर्नाटक, मिजोरम, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। भाजपा के सरकार वाले राज्यों में विकास कार्य और संगठन की मजबूती के बल पर इन राज्यों में बड़ी जीत की ओर अग्रसर है। राजस्थान की बात करें तो राजस्थान में जो घटनाएं हो रही है पेपर लीक से लेकर बजरी माफिया तक, कानून व्यवस्था से महिला अत्याचार तक तुष्टिकरण की राजनीति हो रही है।
शर्मा ने कहा कि पीएम मोदी ने सांस्कृतिक पुनरूद्वार के लिए भी पिछले आठ वर्षो के दौरान कार्य किये है, अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण पूरी गति से चल रहा है, हिमालय में केदारनाथ धाम का पुननिर्माण किया, पहली बार चार धाम को बारहमासी सड़कों से जोड़ा जाएगा और सस्ती और गुणवत्तापूर्ण औषधि पूरे देशभर में देने का कार्य, मध्यमवर्गीय सुलभ हवाई यात्रा करने का कार्य भी नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में किया गया।
शर्मा ने कहा कि भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 22 जनवरी को प्रदेश कार्यालय में होगी तथा 23 जनवरी को जयपुर में कार्यसमिति के समापन सत्र को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नडडा और प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. सतीश पूनियां संबोधित करेंगे। प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश मीडिया संयोजक पंकज जोशी और सह-संयोजक अशोक सिंह शेखावत मौजूर रहे।