


प्रभारी मंत्री एवं अल्पसंख्यक मामलात, वक्फ, उपनिवेशन विभाग मंत्री शाले मोहम्मद गुरुवार को अपने प्रभार जिले के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने निवाई -पीपलू ब्लॉक में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की वहीं निवाई नगर पालिका की लाइब्रेरी व शिवाजी पार्क का निरीक्षण किया। इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना के अंतर्गत इस पार्क का सुदृढ़ीकरण कार्य किया जा रहा है।
प्रभारी मंत्री शाले मोहम्मद ने टोंक शहर में सीसी सड़क का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। प्रभारी मंत्री शाले मोहम्मद ने बैडमिंटन हॉल अंबेडकर स्टेडियम टोंक का भी निरीक्षण किया यहां उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात भी की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरियों में बेहतर प्रबंधन भी किया है। इसके तहत डीवाईएसपी तक के पद पर खिलाड़ियों को नियुक्तियां दी गई है, राज्य सरकार खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्म पॉलिसी के तहत नौकरियां प्रदान कर रही है।
प्रभारी मंत्री शाले मोहम्मद ने कहा कि अच्छी मेहनत कर लक्ष्य की प्राप्ति करें। प्रभारी मंत्री ने अस्पताल के पास स्थित इंदिरा रसोई में टोकन कटवाकर इंदिरा रसोई में भोजन कर गुणवत्ता जांची। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कोई भूखा न सोए इस थीम पर बेहतर कार्य करते हुए इंदिरा रसोई की शुरुआत की है, इंदिरा रसोई में 8 रुपए में बेहतर गुणवत्ता युक्त भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इस दौरान कलेक्टर, जिला परिषद सीईओ सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने भी उनके साथ इंदिरा रसोई में भोजन किया।