


दिल्ली के एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में चल रहे भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक का मंगलवार 17 जनवरी को दूसरा और अंतिम दिन है। इस बैठक में मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश भर से आए पार्टी नेताओं को 'चुनावी जीत' का मंत्र देंगे। पीएम मोदी आज शाम तीन बजे अपना संबोधन देंगे। उनके संबोधन के साथ ही भाजपा की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक का भी समापन हो जाएगा।
मंगलवार को दूसरे दिन की बैठक में भी वर्ष 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव और वर्ष 2024 में होने वाले लोक सभा चुनाव की तैयारियों पर मंथन हो रहा है। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होने के लिए पीएम मोदी एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर पहुंच चुके हैं।
भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के दूसरे दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के कार्यकाल को बढ़ाए जाने की भी चर्चा चल रही है। चर्चा है कि जेपी नड्डा के कार्यकाल को लोकसभा चुनाव वर्ष 2024 तक के लिए बढ़ाया जा सकता है।
वर्ष 2023 में जिन नौ राज्यों में विधान सभा का चुनाव होना है, उनमें से चार राज्यों-त्रिपुरा, नागालैंड, मेघालय और कर्नाटक में पार्टी की चुनावी तैयारियों, कामकाज और गतिविधियों पर बैठक के पहले दिन सोमवार को चर्चा हुई थी। बैठक के दूसरे दिन मंगलवार को अन्य पांच राज्यों - राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, तेलंगाना और मिजोरम की तैयारियों पर चर्चा होगी। भाजपा की निगाहें सिर्फ 2024 में होने वाले लोक सभा चुनाव पर ही नहीं है बल्कि वो वर्ष 2023 में होने नौ राज्यों का विधानसभा चुनाव भी जीतने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रही है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोमवार को बैठक के पहले दिन अध्यक्षीय भाषण में देशभर से आए पार्टी नेताओं का आह्वान करते हुए कहा था कि वर्ष 2023 का यह वर्ष भाजपा के लिए बहुत जरूरी है। वर्ष 2023 में देश के नौ राज्यों में विधानसभा चुनाव होना है और पार्टी को एक भी राज्य में हारना नहीं है। नड्डा ने पार्टी के सभी नेताओं को कमर कस कर वर्ष 2023 में होने वाले नौ राज्यों के विधान सभा और वर्ष 2024 के लोक सभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाने का आह्वान भी किया था।