Saturday, 29 August 2026

सेकंड ग्रेड टीचर भर्ती परीक्षा का पेपर लीक करने के मुख्य सरगना भूपेंद्र सारण के मकान पर चला बुलडोजर, शनिवार को ड्रिल मशीन से करेंगे ध्वस्त


सेकंड ग्रेड टीचर भर्ती परीक्षा का पेपर लीक करने के  मुख्य सरगना भूपेंद्र सारण के मकान पर चला बुलडोजर, शनिवार को  ड्रिल मशीन से करेंगे ध्वस्त

सेकंड ग्रेड टीचर भर्ती परीक्षा का पेपर लीक करने के  मुख्य सरगना भूपेंद्र सारण के मकान पर  शुक्रवार को जयपुर विकास प्राधिकरण ने  कार्रवाई करते हुए बुलडोजर से ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की। शनिवार से ड्रिल मशीन के जरिए 15 फीट में छत काटी जाएगी। उसके साथ ही पीछे के हिस्से में 8.3 फीट का हिस्सा काटा जाएगा। उसके बाद काटे गए हिस्से को ढहाया जाएगा।

पेपर लीक मामले में राज्य सरकार ने चार सरकारी कर्मचारियों को भी बर्खास्त कर दिया है। इनमें सिरोही जिले के सीनियर टीचर भागीरथ, जालोर के जसवंतराम स्कूल के सीनियर टीचर रावताराम, ठेलिया स्कूल के प्रिंसिपल सुरेश कुमार, चितलवाना झाब में तैनात सीनियर असिस्टेंट पुखराज शामिल है।

इससे पहले जेडीए की ट्रिब्यूनल कोर्ट में शुक्रवार को इस मामले पर सुनवाई पूरी हुई थी। ट्रिब्यूनल ने अपना फैसला जेडीए के पक्ष में दिया था। जेडीए को अवैध हिस्सा तोड़ने और अप्रूव्ड हिस्सा सेफ रखने के लिए कहा गया था। ट्रिब्यूनल ने भूपेंद्र सारण की याचिका को खारिज करते हुए आदेश दिए थे। सारण के वकील ने कोर्ट में स्वीकार किया कि उसने अवैध निर्माण किया है। जेडीए ने भी 4 पेज का जवाब पेश किया था। इसमें कहा- ये साधारण अवैध निर्माण का मामला नहीं है। हजारों बेरोजगारों के भविष्य और उनकी भावनाओं का मामला है।

गुरुवार को भूपेंद्र की पत्नी एलची सारण, भाई गोपाल सारण की पत्नी इंदूबाला सारण और खुद गोपाल सारण ने अलग-अलग दो अपील जेडीए की ट्रिब्यूनल कोर्ट में लगाकर नोटिस को चुनौती दी थी। साथ ही कार्रवाई न करने और स्टे देने का आग्रह किया था। ट्रिब्यूनल के अलावा सारण की तरफ से एक याचिका हाईकोर्ट की जयपुर बैंच में भी लगाई गई थी।

हाईकोर्ट ने इस मामले पर सुनवाई करते हुए याचिका को खारिज कर दिया। ट्रिब्यूनल कोर्ट को निर्देश दिए कि इस मामले पर शीघ्र समाप्त किया जाए।

जेडीए ने 10 जनवरी को भूपेन्द्र सारण और उसके भाई गोपाल सारण के अजमेर रोड रजनी विहार स्थित मकान पर नोटिस जारी करते हुए 12 जनवरी तक अपना जवाब पेश करने के लिए कहा था। सारण के एडवोकेट ने 12 जनवरी को कोर्ट में बताया- उन्होंने 11 जनवरी की शाम को जवाब पेश करते हुए अपने स्तर पर निर्माण हटाने की बात कही।

जेडीए के एन्फोर्समेंट विंग के चीफ रघुवीर सैनी का कहना है कि 12 जनवरी शाम 5 बजे तक उनके या उनकी टीम के पास कोई लिखित में जवाब पेश नहीं किया । इसके चलते ही मकान मालिकों को गुरुवार को लीगल नोटिस जारी करके शाम 5 बजे तक मकान खाली करने के लिए कहा गया था।

भूपेंद्र का भाई गोपाल सारण तेल चोरी मामले में आरोपी है। अभी फरार चल रहा है। पुलिस में एसआई पद पर था। निलंबित कर दिया गया था। इसके खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट भी जारी है। 





Previous
Next

Related Posts